बलिया में पुलिस ने गो तस्कर बबलू बट को मुठभेड़ में किया गिरफ्तार
सारांश
Key Takeaways
- गो तस्कर बबलू बट को गिरफ्तार किया गया।
- मुठभेड़ में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की।
- तलाशी में तमंचा और कारतूस बरामद हुए।
- बबलू बट पर कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
- पुलिस आगे की जांच कर रही है।
बलिया, 23 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपए के इनामी गो तस्कर को मुठभेड़ के दौरान पकड़ लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रविवार की रात हुसैनाबाद मोड़ के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी बीच, एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया और उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई। खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाश ने पुलिस पर गोली चलाना शुरू कर दिया।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम बबलू बट बताया। पुलिस के मुताबिक, वह 25 हजार रुपए का इनामी और एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जो लंबे समय से वांछित था।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह गो तस्करी में सक्रिय रूप से शामिल रहा है।
घायल बबलू बट को तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई की बात कही है और मामले की विस्तृत जांच शुरू की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बबलू बट से पूछताछ करके उसके साथियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। इसके लिए एक टीम का गठन किया जा रहा है। साथ ही, यह जानने की कोशिश की जा रही है कि उसे किसने मदद की थी।
पुलिस उपाधीक्षक जय शंकर मिश्र ने बताया कि आरोपी की पुलिस काफी समय से तलाश कर रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर हुसैनाबाद मोड़ पर चेकिंग अभियान चलाया गया, जहां उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि इसके पास हथियार कहां से आए और वह कहां-कहां सप्लाई करता था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने कई वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की है।