सिंगापुर में सीएम योगी की जीआईसी के साथ दीर्घकालिक निवेश पर महत्वपूर्ण चर्चा
सारांश
मुख्य बातें
सिंगापुर/लखनऊ, 23 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश के क्षेत्र में एक प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सिंगापुर दौरे के दौरान प्रमुख संप्रभु निवेश संस्था जीआईसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लिम चो किआट एवं उनकी टीम के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस उच्चस्तरीय बैठक में उत्तर प्रदेश में जीआईसी के दीर्घकालिक निवेश की संभावनाओं पर गहन चर्चा की गई।
सीएम योगी ने जीआईसी को उत्तर प्रदेश में दीर्घकालिक निवेश के अवसरों का पता लगाने के लिए आमंत्रित किया, जिसमें राज्य की नीतिगत स्थिरता, सुशासन, मजबूत कानून-व्यवस्था, २५ करोड़ से अधिक उपभोक्ताओं की विशाल जनसंख्या और तेजी से विकसित हो रही अवसंरचना को मुख्य आकर्षण के रूप में प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश वर्तमान में भारत की सबसे तेज गति से विकसित होती अर्थव्यवस्था है, और सरकार निवेशकों को एक सुरक्षित, पारदर्शी एवं अनुकूल वातावरण प्रदान कर रही है।
बैठक में औद्योगिक कॉरिडोर के किनारे लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग अवसंरचना के विकास, अक्षय ऊर्जा एवं ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं, डेटा सेंटर और डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर, उभरते शहरी केंद्रों में वाणिज्यिक रियल एस्टेट और इंटीग्रेटेड टाउनशिप, एमएसएमई पारिस्थितिकी तंत्र के अनुरूप फिनटेक और डिजिटल प्लेटफॉर्म तथा भविष्य उन्मुख उद्योगों के लिए कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार राज्य को एक “फ्यूचर-रेडी” औद्योगिक और आर्थिक हब के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क, डिफेंस कॉरिडोर, डेटा सेंटर पार्क और नए औद्योगिक शहरों का तेजी से विकास हो रहा है, जो दीर्घकालिक निवेशकों के लिए स्थिर और लाभकारी अवसर प्रदान करते हैं।
जीआईसी, जो कि विश्व की प्रमुख दीर्घकालिक संप्रभु संपत्ति निवेश संस्थाओं में से एक है, का भारत में अवसंरचना, रियल एस्टेट, फिनटेक और डिजिटल प्लेटफॉर्म क्षेत्रों में एक मजबूत निवेश आधार है। इस संदर्भ में मुख्यमंत्री और जीआईसी के बीच हुई बैठक उत्तर प्रदेश में वैश्विक पूंजी के प्रवाह को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है। उल्लेखनीय है कि इस निवेश आमंत्रण के क्रम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य यूरोप के दौरे पर हैं।