युवाओं के लिए सीएम योगी का प्रेरणादायक संदेश: नकारात्मक नैरेटिव का सामना करें
सारांश
मुख्य बातें
गोरखपुर, 5 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के युवा कार्यकर्ताओं से अपील की है कि जो विपक्ष लगातार सत्ता से बाहर रहने के कारण हताश हो चुका है, उसकी ओर से सोशल मीडिया पर चलाए जा रहे नकारात्मक नैरेटिव का खुद को तैयार रखते हुए शब्दों की मर्यादा में मुंहतोड़ जवाब दें।
सीएम योगी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव की दृष्टि से विपक्ष की तरफ से झूठे आरोपों का एक नया हमला होगा। इस पर प्रतिवार और प्रतिवाद करने के लिए भाजपा की बूथ स्तर की टीम को सशक्त रहना चाहिए। वे रविवार को भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई के मालवीय नगर मंडल द्वारा आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि हमारे युवाओं को विकास के साथ-साथ विरासत का सम्मान भी करना है। देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए मुस्तैद जवानों को दुश्मनों के मंसूबों को नाकाम करना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे डबल इंजन सरकार के अच्छे कार्यों का प्रचार-प्रसार करें और अपने बूथ पर सजग रहें।
उन्होंने सोशल मीडिया पर सजग रहने की अपील करते हुए कहा कि जिन लोगों ने यूपी के युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था, वे हर दृष्टि से असफल होकर आज सोशल मीडिया का सहारा लेंगे। झूठे आरोप लगाकर नकारात्मक नैरेटिव सेट करने का प्रयास करेंगे। इसका जवाब देने के लिए बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को तैयार रहना होगा। नकारात्मक नैरेटिव सेट करने की मंशा रखने वालों के शासन में माफिया की गुंडागर्दी, फिरौती वसूली, व्यापारियों की असुरक्षा जैसे सभी दृश्य सामने लाने पड़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें अपनी पॉजिटिव चीजों को आगे बढ़ाना है। अच्छे कंटेंट बनाकर हम सोशल मीडिया का सही उपयोग कर सकते हैं। इससे स्वाभाविक रूप से हम डबल इंजन सरकार के अभियान को मजबूती से आगे बढ़ा सकेंगे। उन्होंने कहा कि भारत की युवा शक्ति सदैव सत्य और सनातन के साथ रही है।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश इस मामले में सौभाग्यशाली है कि यहां देश की 56 से 60 प्रतिशत कार्यशील युवा आबादी है। यह युवा ऊर्जा अगर सकारात्मक कार्यों से जुड़ जाए तो उत्तर प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि 2017 के पहले उत्तर प्रदेश में दंगे होते थे और गुंडागर्दी चरम पर थी। अब डबल इंजन सरकार में ऐसा कुछ भी नहीं हो सकता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में किसान आत्महत्या नहीं करता और युवाओं को रोजगार उसके आसपास ही मिल रहा है। गोरखपुर में पिछले नौ सालों में 15 हजार करोड़ रुपए के निवेश से 300 से अधिक बड़े कारखाने लगे हैं।
सीएम योगी ने स्वास्थ्य ढांचे का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 के पहले यदि बीआरडी मेडिकल कॉलेज में पहिए होते तो समाजवादी पार्टी की सरकार इसे कहीं और खींच ले जाती। आज की सरकार में बिना मांगे सब कुछ मिल जाता है।
उन्होंने प्रदेश में बनने वाली फिल्म सिटी की जानकारी दी, जिससे यूपी के युवाओं और कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। सांसद रवि किशन ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के सभी नागरिकों के लिए गौरव हैं। अब कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे भाजपा को हर बूथ पर वोट दिलाने का प्रयास करें।