क्या दिल्ली-एनसीआर में बारिश का दौर गर्मी से राहत दिलाएगा?
सारांश
मुख्य बातें
नोएडा, 3 जुलाई (राष्ट्र प्रेस)। दिल्ली-एनसीआर में मौसम में बदलाव आ चुका है। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक गरज के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी जाएगी। हालांकि, उमस लोगों के लिए समस्या बनी रह सकती है।
मौसम विभाग की वेबसाइट पर जारी किए गए सात दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार, 3 से 8 जुलाई तक प्रतिदिन 'गरज के साथ बारिश' की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, 3 जुलाई को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री रहेगा और ह्यूमिडिटी 79 प्रतिशत से 65 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, 4 जुलाई को भी यही स्थिति बनी रहेगी, तापमान 37 डिग्री और 27 डिग्री के बीच रहेगा। 5 जुलाई को हल्की गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहने की संभावना है।
वहीं, 6 जुलाई को तापमान गिरकर अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री हो जाएगा और नमी बढ़कर 90 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। 7 और 8 जुलाई को तापमान 34 डिग्री और 27 डिग्री के चारों ओर रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, आसमान में छाए बादल तेज धूप से राहत देंगे, जिससे दिन के समय गर्मी का प्रभाव कम महसूस होगा। हल्की बारिश या बूंदाबांदी लोगों को सुकून प्रदान कर सकती है।
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, जैसे-जैसे मानसून का प्रभाव बढ़ेगा, बारिश की तीव्रता भी बढ़ सकती है। आने वाले दिनों में तेज बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है, इसलिए नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।