गोपालगंज में वकील पर चाकू से जानलेवा हमला, केस विवाद की वजह से बढ़ा अपराध
सारांश
Key Takeaways
- गोपालगंज में वकील पर जानलेवा हमला
- हमला चाकू से किया गया
- हमले का कारण केस का विवाद
- वकील की स्थिति गंभीर
- पुलिस जांच में जुटी है
गोपालगंज, 7 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। बिहार के गोपालगंज में अपराधियों का हौसला दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। सिविल कोर्ट के एक वकील पर दो बदमाशों ने घात लगाकर जानलेवा हमला किया। बताया गया है कि केस लड़ने के विवाद के चलते अपराधियों ने अधिवक्ता पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल, पुलिस ने पूरे मामले की सघन जांच शुरू कर दी है।
हथुआ थाना क्षेत्र के नयागांव तुलसिया में शिवजी उपाध्याय के घर के पास यह हमला हुआ। जानकारी के अनुसार, सिविल कोर्ट के वकील मधुसूदन मिश्रा उर्फ कंचन मिश्रा कचहरी से लौटते समय अपनी बेटी के घर दूध पहुंचाने जा रहे थे। इसी दौरान, पहले से घात लगाए बैठे दो बदमाशों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया।
बदमाशों ने ताबड़तोड़ वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे आस-पास अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल वकील को तुरंत सदर अस्पताल भेजा गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला केस लड़ने के विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि वकील मधुसूदन मिश्रा अपनी बेटी के घर दूध पहुंचाने जा रहे थे, तभी रास्ते में दो अज्ञात अपराधियों ने उन पर चाकू से हमला किया। एसडीपीओ ने यह स्पष्ट किया कि पिस्तौल के बट से मारपीट की जो बातें सामने आ रही हैं, वे पूरी तरह गलत हैं। इस घटना में केवल चाकूबाजी की बात सामने आई है। घायल वकील ने बताया कि वे एक केस के विवाद को लेकर ही इस हमले का शिकार हुए हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान के लिए छापेमारी की जा रही है।