हरदोई में ट्रांसफार्मर से तेल और कॉपर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 8 गिरफ्तार
सारांश
Key Takeaways
- हरदोई में ट्रांसफार्मर चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा गया।
- पुलिस ने 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
- घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
- गिरोह ने पहले भी कई चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था।
- पुलिस ने गिरोह के कब्जे से महत्वपूर्ण सामान बरामद किया।
हरदोई, 17 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद में ट्रांसफार्मर से तेल और कॉपर की चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने सफलतापूर्वक भंडाफोड़ किया है। थाना अरवल पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में 8 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इस मुठभेड़ के दौरान 2 बदमाशों को पैर में गोली लगने से वे घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह सभी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में की गई। पुलिस को पहले से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग इलाके में ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाकर तेल और कॉपर चोरी करने की योजना बना रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर थाना अरवल और स्वाट टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी थी।
पुलिस को मुखबिर और सर्विलांस के जरिए खबर मिली कि यह गिरोह हरपालपुर रोड के पास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश कर सकता है। जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, संदिग्ध लोगों ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग भी की। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए।
मुठभेड़ में घायल हुए अभियुक्तों की पहचान गजेंद्र निवासी थाना पटियाली जनपद कासगंज और सत्यव्रत सिंह निवासी थाना मिर्जापुर, फर्रुखाबाद के रूप में हुई है। इनके अलावा गिरोह के अन्य सदस्य परवेज यादव, अनूप कुमार यादव, सुरेंद्र यादव, रोहित यादव, मुनींद्र यादव और अजय यादव को भी गिरफ्तार किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ट्रांसफॉर्मरों से तेल और कॉपर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। यह गिरोह सुनसान इलाकों में लगे ट्रांसफॉर्मरों को अपना निशाना बनाता था और चोरी के बाद सामान को बेचकर पैसे कमाता था।
पुलिस ने इनके कब्जे से 49 हजार रुपए कैश, एक कार, ट्रांसफार्मर का लगभग 50 लीटर तेल, अवैध तमंचे, कारतूस और ट्रांसफार्मर खोलने के औजार बरामद किए हैं।
हरपालपुर क्षेत्राधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई शुक्रवार तड़के करीब चार बजे की गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हुई और इलाके में घेराबंदी कर दी गई। जैसे ही संदिग्ध वाहन को रोका गया, बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।