चैत्र नवरात्रि के पहले दिन वैष्णो देवी में श्रद्धालुओं की भीड़, आस्था का अद्वितीय प्रदर्शन
सारांश
मुख्य बातें
कटरा, 19 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। जम्मू और कश्मीर के कटरा स्थित श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में चैत्र नवरात्रि के पहले दिन अपार भीड़ उमड़ पड़ी है। सुबह से ही श्रद्धालु बड़ी संख्या में दर्शनी ड्योढ़ी तक पहुंच रहे हैं और माता रानी के दर्शन के लिए आगे बढ़ रहे हैं। पूरा वातावरण भक्ति से ओतप्रोत है और हर तरफ 'जय माता दी' के उद्घोष गूंज रहे हैं।
देश के विभिन्न हिस्सों से लोग यहां पहुंचे हैं। कुछ परिवार के साथ आए हैं तो कोई दोस्तों के साथ, लेकिन सभी के चेहरे पर खुशी और उत्साह की लहर है।
एक श्रद्धालु ने कहा कि वे खुद को बहुत भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें नवरात्रि के पहले दिन माता रानी के दर्शन का अवसर मिला है। उन्होंने बताया कि वे लगभग हर साल यहां आते हैं, लेकिन इस बार पहली बार नवरात्रि में आए हैं। उनके लिए यह अनुभव विशेष है, क्योंकि इस समय मंदिर की सजावट बेहद आकर्षक होती है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अब तक नवरात्रि की सजावट नहीं देखी थी, इसलिए इस बार वह इसे देखने के लिए उत्सुक हैं। इसके अलावा, उन्होंने माता रानी से प्रार्थना की कि पूरा देश समृद्ध और शक्तिशाली बने।
एक अन्य श्रद्धालु ने भी अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि वे पहले कश्मीर घूमने गए थे और वहां से सीधे माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा आए हैं। उन्होंने कहा कि नवरात्र के पहले दिन माता रानी के दर्शन करना उनके लिए बहुत बड़ी बात है। उन्होंने इसे अपने जीवन का एक विशेष और यादगार पल बताया। उन्होंने यह भी कहा कि नवरात्रि में मंदिर की भव्य सजावट देखने लायक होती है और वह इस अनुभव को पूरी तरह से जीना चाहते हैं।
श्रद्धालु ने देश और दुनिया के लिए शांति की कामना की। उनका कहना था कि वर्तमान में जिस तरह से दुनिया में तनाव और युद्ध जैसी स्थितियां हैं, ऐसे में माता रानी से यही प्रार्थना है कि हर जगह सुख-शांति बनी रहे।