केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में 144 नॉन-टीचिंग पदों पर आवेदन की अंतिम तिथि 16 अप्रैल है
सारांश
Key Takeaways
- केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय की भर्ती में 144 नॉन-टीचिंग पद शामिल हैं।
- आवेदन प्रक्रिया 16 मार्च से शुरू हो चुकी है।
- अंतिम तिथि 16 अप्रैल है।
- उम्मीदवारों की आयु सीमा 32 से 57 वर्ष के बीच है।
- सैलरी 18,000 से 2,18,200 रुपए प्रति माह होगी।
नई दिल्ली, 21 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। सरकारी नौकरी की खोज में लगे लोगों के लिए एक अनूठा अवसर सामने आया है। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय (सीएसयू) ने नॉन-टीचिंग श्रेणी के अंतर्गत 144 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक सूचना जारी की है।
सीएसयू द्वारा जारी पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 मार्च से शुरू हो चुकी है और आवेदन की अंतिम तिथि 16 अप्रैल निर्धारित की गई है। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इस तिथि की रात 11:30 बजे तक अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
सीएसयू ने नॉन-टीचिंग के जिन 144 पदों पर आवेदन मांगे हैं, उनमें रजिस्ट्रार, लाइब्रेरी असिस्टेंट और ड्राइवर के 1-1 पद; असिस्टेंट रजिस्ट्रार के 2 पद; सिस्टम एनालिस्ट, नर्सिंग ऑफिसर, गेस्ट हाउस मैनेजर, जूनियर इंजीनियर, पर्सनल असिस्टेंट, टेक्निकल असिस्टेंट (शिक्षाशास्त्र/एजुकेशन लैब) और मेडिकल अटेंडेंट/ड्रेसर के 3-3 पद; प्रोफेशनल असिस्टेंट और टेक्निकल असिस्टेंट (कंप्यूटर लैब) के 4-4 पद; लाइब्रेरी अटेंडेंट और स्टेनोग्राफर के 8-8 पद; असिस्टेंट के 10; सेक्शन ऑफिसर के 11; अपर डिवीजन क्लर्क (यूडीसी) के 16; मल्टी-टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) के 22; और लोअर डिवीजन क्लर्क (एलडीसी) के 35 पद शामिल हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान/यूनिवर्सिटी से संबंधित पद के अनुसार 10वीं/12वीं/आईटीआई/डिप्लोमा/ग्रेजुएशन/पोस्ट-ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ ही, कैंडिडेट्स को अन्य निर्धारित पात्रता भी पूरी करनी होगी।
योग्य उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा, शॉर्टलिस्टिंग, स्किल टेस्ट/इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित उम्मीदवारों की सैलरी पद के अनुसार 18,000 से 2,18,200 रुपए प्रति माह होगी।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 32 से 57 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 16 अप्रैल के आधार पर होगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को अपने पद और वर्ग अनुसार निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करना होगा, जो 500 से 3,000 रुपये के बीच है। ध्यान रखें, आवेदन शुल्क का भुगतान किए बिना आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाकर जारी पद से संबंधित सक्रिय एप्लीकेशन लिंक पर क्लिक करें। फिर रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को भरें और सभी आवश्यक डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म सबमिट करें। अंत में, एप्लीकेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के लिए निकाल लें।
उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि से 15 दिनों के भीतर आवेदन का हस्ताक्षरित हार्ड कॉपी और सभी सहायक दस्तावेज पंजीकृत डाक द्वारा भेजना होगा। इसके लिए पते हैं: "रजिस्ट्रार पद के लिए: कुलपति, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, 56-57, इंस्टीट्यूशनल एरिया, जनकपुरी, नई दिल्ली-110058" और "अन्य सभी पदों के लिए: रजिस्ट्रार, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, 56-57, इंस्टीट्यूशनल एरिया, जनकपुरी, नई दिल्ली-110058"।