क्या पश्चिम बंगाल में परिवर्तन आएगा, भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था दुरुस्त होगी?
सारांश
मुख्य बातें
हुगली, 18 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान का समर्थन किया है, जिसमें पीएम ने कहा कि बंगाल से टीएमसी का महाजंगलराज हटाना और भाजपा का सुशासन लाना अत्यंत आवश्यक है। सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि यहां कानून व्यवस्था की स्थिति बहुत खराब है, और भाजपा इसे सुधारने का कार्य करेगी।
हुगली में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने समाचार एजेंसी राष्ट्र प्रेस से बातचीत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार में भी घुसपैठिए मौजूद थे। एनडीए ने वहां इन घुसपैठियों को समाप्त कर दिया है, और बंगाल में भी ऐसा ही किया जाएगा। हम लोगों ने परिवर्तन का कार्य किया है। असली परिवर्तन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आएगा। 2026 में परिवर्तन होना निश्चित है। एसआईआर होने के बाद एक साफ-सुथरी वोटर लिस्ट उपलब्ध होगी।
उन्होंने बेलडांगा हिंसा पर कहा कि इस घटना के लिए कौन जिम्मेदार है? पीएफआई एक प्रतिबंधित संगठन है, जिसे भारत सरकार ने प्रतिबंधित कर दिया है। सीमा से सटे जिले जैसे मालदा क्षेत्र में यह प्रतिबंधित संगठन सक्रिय है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार में कानून व्यवस्था भगवान भरोसे है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस घटना को लेकर सीएम कहती हैं कि शुक्रवार को सब कुछ छूट है।
वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि बंगाल में बदलाव आएगा। उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था में सुधार नहीं होगा तो निवेश नहीं आएगा। उद्योगों को लाने के लिए कानून व्यवस्था को दुरुस्त करना होगा, और यह कार्य भाजपा ही कर सकती है।
उन्होंने नई अमृत भारत ट्रेनों पर कहा कि रोजगार मिलेगा जब भाजपा की सरकार यहां होगी। जब तक कानून व्यवस्था सही नहीं होगी, निवेश नहीं आएगा।
भाजपा नेता शामिक भट्टाचार्य ने कहा कि बंगाल की स्थिति ऐसी है कि पूरा भारत जान गया है। कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। टीएमसी सांसद ने सुप्रीम कोर्ट पर भी सवाल उठाए हैं। संविधान का मखौल उड़ाया जा रहा है। बंगाल की जनता के आशीर्वाद से टीएमसी सरकार का विसर्जन किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि ममता बनर्जी की सरकार को जनता इसलिए लाई थी कि लोकतंत्र की पूर्ण प्रतिष्ठा हो, लेकिन टीएमसी सरकार में केवल अत्याचार हुए हैं। विकास कुछ भी नहीं हुआ।
प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा में आए लोगों ने भरोसा जताया कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद रोजगार और बंद हुए कारखाने फिर से शुरू होंगे।
एक व्यक्ति ने कहा कि बंगाल में इस बार बदलाव आएगा। यहां जो कारखाने बंद हैं, वे फिर से शुरू होंगे।
एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि बहुत अच्छा हो रहा है, पीएम मोदी नई-नई ट्रेनें शुरू कर रहे हैं। बंगाल में ट्रैफिक जाम की समस्या है, पीएम मोदी ने जिन योजनाओं का शुभारंभ किया है, उससे बंगाल को नया पंख मिलेगा।
एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि टीएमसी सरकार ने केवल घोटाले किए हैं, हमें ऐसी सरकार नहीं चाहिए। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। पीएम मोदी के नेतृत्व में जब पश्चिम बंगाल की सरकार बनेगी तो युवाओं को रोजगार भी मिलेगा।