क्या राहुल गांधी देशभक्ति की जगह देशद्रोही सोच के साथ काम कर रहे हैं? : गिरिराज सिंह
सारांश
मुख्य बातें
पटना, 23 दिसंबर (राष्ट्र प्रेस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने राहुल गांधी पर देशभक्ति के स्थान पर देशद्रोह की मानसिकता अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि किसी भी नेता प्रतिपक्ष को विदेश जाकर भारत का अपमान नहीं करना चाहिए।
गिरिराज सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का उपयोग करते-करते अब विदेश में जाकर देश के बारे में भी गलत और अपमानजनक बातें कहनी शुरू कर दी हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह रवैया न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि यह देश की गरिमा को भी ठेस पहुँचाने वाला है। गिरिराज सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राहुल गांधी देशभक्ति की जगह देशद्रोही सोच के साथ काम कर रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने दिसंबर माह का उल्लेख करते हुए कहा कि यह महीना देश के शौर्य और बलिदान का प्रतीक है। दिसंबर को शौर्य माह के रूप में मनाया जाता रहा है और यह समय देश के वीर जवानों के सम्मान का है। ऐसे समय में देश के खिलाफ बयान देना पूरी तरह अनुचित है।
गिरिराज सिंह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने जानबूझकर हुमायूं कबीर को बाबरी मस्जिद बनाने की अनुमति दी है और अब तक उसकी गिरफ्तारी न होना कई सवाल उठाता है।
उन्होंने यह भी कहा कि यह सब ममता बनर्जी के एजेंडे की ओर इशारा करता है।
गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी जानबूझकर इस तरह के कदम उठाकर हिंदू और मुस्लिम समुदाय के बीच विभेद पैदा करना चाहती हैं। देश को यह नहीं भूलना चाहिए कि अयोध्या में आक्रांताओं के निशान को हिंदुओं और युवाओं ने मिलकर मिटाया है। यदि भविष्य में बंगाल में भी किसी आक्रांता के नाम या प्रतीक को बढ़ावा दिया गया, तो वहां भी बड़े बदलाव हो सकते हैं।