बिहार: क्या नवादा में सरस्वती पूजा पर विधि एवं शांति व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक हुई?
सारांश
Key Takeaways
- सरस्वती पूजा 2026 के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्थाएं।
- जुलूस और विसर्जन मार्ग की योजना।
- सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन निगरानी की व्यवस्था।
- सुरक्षा समिति के सदस्यों का पहचान-पत्र जांचना।
- अग्नि और विद्युत सुरक्षा के मानकों का पालन।
नवादा, 20 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। सरस्वती पूजा 2026 के अवसर पर जिले में विधि व्यवस्था और शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए मंगलवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जिला पदाधिकारी नवादा रवि प्रकाश और पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान की संयुक्त अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संपन्न हुई, जिसमें जिले के सभी संबंधित पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में आगामी पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि इस वर्ष सरस्वती पूजा 23 जनवरी को आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर संभावित भीड़ पर नियंत्रण, पूजा पंडालों की व्यवस्था, जुलूस एवं विसर्जन मार्ग, यातायात प्रबंधन, विद्युत एवं अग्नि सुरक्षा, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग, असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी द्वारा सभी थानाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि शत-प्रतिशत पूजा पंडालों का लाइसेंस निर्गत कराना सुनिश्चित करें। सभी पूजा पंडालों का पूर्व निरीक्षण अनिवार्य रूप से कराया जाए तथा अग्नि सुरक्षा एवं विद्युत सुरक्षा के सभी मानकों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। बिना लाइसेंस किसी भी प्रकार का जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि शांति समिति एवं पूजा समितियों के साथ बैठक कर एसओपी की शर्तों का वाचन कराया जाए। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूजा समिति के सदस्यों का आधार कार्ड, पहचान पत्र एवं मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से प्राप्त किए जाएं। पूर्व में घटित घटनाओं वाले क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरतने, लाइसेंस निर्गत करते समय पूजा संचालकों के साथ ग्रुप फोटोग्राफी कराने, डीजे को पूर्णतः प्रतिबंधित रखने तथा अश्लील गानों पर सख्त रोक लगाने के निर्देश दिए गए।
भीड़ नियंत्रण के लिए सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने, मूर्ति विसर्जन निर्धारित मानक रूट के अनुसार कराने तथा विसर्जन जुलूस की ड्रोन कैमरे से शत-प्रतिशत निगरानी एवं वीडियोग्राफी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एक्साइज सुपरिंटेंडेंट को नशीले पदार्थों यथा शराब एवं ड्रग्स की तस्करी तथा सेवन पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने बताया कि जिले के संवेदनशील एवं अति संवेदनशील स्थलों की पहचान कर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। गश्ती व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा, मनचलों पर विशेष नजर रखी जाएगी तथा सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना फैलने से रोका जा सके।
अंत में जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई कि वे सरस्वती पूजा का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं, प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, नवादा सदर अमित अनुराग, और गोपनीय शाखा प्रभारी राजीव कुमार उपस्थित थे। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी रजौली और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रजौली सहित सभी अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े रहे।