एनसीआर में गर्मी का कहर, गुरुवार को तापमान 36 डिग्री के पार जाने की संभावना
सारांश
Key Takeaways
- गुरुवार को तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।
- एनसीआर में वायु प्रदूषण का स्तर चिंताजनक है।
- विशेषज्ञों की सलाह है कि लोग सावधानी बरतें।
- बच्चों और बुजुर्गों को बाहर जाने से बचना चाहिए।
- मास्क का उपयोग करें और धूप में बाहर जाने से बचें।
नोएडा, 12 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। दिल्ली एनसीआर में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने अपनी तेज़ी दिखानी शुरू कर दी है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, गुरुवार को इस साल का अब तक का सबसे गर्म दिन साबित होने की संभावना है, जब अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है।
बुधवार को भी इस वर्ष का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जब अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 12 मार्च को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। मौसम सामान्य रूप से साफ रहेगा और किसी तरह की मौसम संबंधी चेतावनी नहीं दी गई है। वहीं, 13 मार्च को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
14 मार्च को भी तापमान लगभग इसी स्तर पर रहने की संभावना है। मौसम में साफ़ रहने के कारण दिन के समय तेज धूप और गर्मी का प्रभाव और बढ़ सकता है। गर्मी के साथ-साथ एनसीआर के कई क्षेत्र में वायु प्रदूषण का स्तर भी लगातार बढ़ रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े मॉनिटरिंग स्टेशनों के आंकड़ों के अनुसार, कई स्थानों पर एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) खराब और बहुत खराब श्रेणी के करीब पहुँच गया है।
दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है। आनंद विहार में एक्यूआई 312 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। वहीं, अलीपुर में एक्यूआई 259, बवाना में 251, चांदनी चौक में 243 और बुराड़ी क्रॉसिंग में 204 दर्ज किया गया। इसके अलावा, अशोक विहार और कैंटोनमेंट क्षेत्र में एक्यूआई 207, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 199 और सीआरआरआई मथुरा रोड पर 197 दर्ज किया गया।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा की स्थिति भी बहुत अच्छी नहीं है। सेक्टर-125 नोएडा में एक्यूआई 266 दर्ज किया गया, जबकि सेक्टर-1 में 223 और सेक्टर-116 में 227 का स्तर रिकॉर्ड किया गया। सेक्टर-62 में अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति रही, जहां एक्यूआई 188 दर्ज हुआ। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-III में एक्यूआई 234 और नॉलेज पार्क-V में 332 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी के करीब है।
गाजियाबाद में भी प्रदूषण का असर दिखाई दे रहा है। लोनी में एक्यूआई 328 दर्ज किया गया, जो गंभीर स्तर की ओर संकेत करता है। इसके अलावा, इंदिरापुरम में 209, संजय नगर में 213 और वसुंधरा में 216 का एक्यूआई दर्ज किया गया।
विशेषज्ञों के अनुसार, तापमान बढ़ने और हवा की गति कम होने के कारण प्रदूषक तत्व वातावरण में अधिक समय तक बने रहते हैं, जिससे वायु गुणवत्ता खराब होती है। मौसम साफ रहने के बावजूद धूल और प्रदूषण के कण हवा में बने रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
डॉक्टरों और पर्यावरण विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को लंबे समय तक बाहर रहने से बचना चाहिए। मास्क का उपयोग करना और सुबह-शाम के समय बाहरी गतिविधियों को सीमित रखना स्वास्थ्य के लिए बेहतर रहेगा। इस प्रकार, एनसीआर की जनता इस समय गर्मी और प्रदूषण की दोहरी मार झेल रही है। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।