नोएडा में समलैंगिक संबंध के विवाद में महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
सारांश
Key Takeaways
- समलैंगिक संबंधों के विवाद में हत्या का मामला
- आरोपी की पहचान मौहम्मद शफीक के रूप में हुई
- पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया
- मामले की जांच जारी है और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी
- घटना ने क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया
नोएडा, 16 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। नोएडा के सेक्टर-113 क्षेत्र में एक चौंकाने वाली हत्या का मामला प्रकाश में आया है, जिसमें पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना ग्राम सर्फाबाद की है, जहां एक महिला की चाकू से हत्या की गई थी। पुलिस ने गंभीरता को देखते हुए जांच तेज की और आरोपी को टिवोली फार्म हाउस के पास से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मौहम्मद शफीक उर्फ जावेद (45 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूलतः फतेहपुर जिले के गाजीपुर कस्बे का निवासी है और वर्तमान में सर्फाबाद, सेक्टर-73 में किराए पर रह रहा था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके और मृतका के बेटे के बीच समलैंगिक संबंध थे, जिसे मृतका स्वीकार नहीं करती थी। इसी कारण से उसने दोनों के मिलने-जुलने पर आपत्ति जताई थी। आरोपी ने अपनी योजना के तहत मृतका के बेटे से उसकी मौसी की बेटी की शादी कराना चाहा।
हालांकि, मृतका फूलजहां इस प्रस्ताव को लगातार ठुकरा रही थी। घटना के दिन, 15 अप्रैल को, आरोपी इसी विषय पर बातचीत करने मृतका के घर गया था, लेकिन जब उसने फिर से शादी के लिए इनकार कर दिया, तो आरोपी गुस्से में आ गया।
उसने चाकू निकालकर मृतका पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त अवैध चाकू और मृतका का टूटा हुआ मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।