नोएडा में अवैध संबंधों के चलते शादीशुदा युवक की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार
सारांश
Key Takeaways
- अवैध संबंधों के चलते हत्या का मामला
- तीन आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में
- पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की
- घटना से सामाजिक नैतिकता पर प्रश्न उठता है
- कानूनी प्रक्रिया जारी है
नोएडा, 6 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। नोएडा के सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में होली के दिन घटित एक चौकाने वाली हत्या के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। अवैध संबंधों के कारण एक महिला ने अपने दो भाइयों और एक नाबालिग के साथ मिलकर एक शादीशुदा युवक की गोली मारकर हत्या की थी। इस वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने शुक्रवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक नाबालिग को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को सेक्टर-113 नोएडा पुलिस टीम ने स्थानीय इंटेलिजेंस की सहायता से हत्या के इस मामले में फरार आरोपियों को पकड़ा। यह गिरफ्तारी पर्थला डूब क्षेत्र में स्थित कब्रिस्तान सर्विस रोड से की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लब्बु उर्फ लोकेन्द्र सोलंकी (26 वर्ष), निखिल सोलंकी (24 वर्ष) और प्रिया सिंह (28 वर्ष) के रूप में हुई है। ये सभी गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र के विष्णु एन्क्लेव के निवासी हैं। इसके अलावा, घटना में शामिल 16 वर्षीय एक नाबालिग को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में प्रयोग की गई एक .32 बोर की पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक बिना नंबर की फ्रॉन्क्स कार बरामद की है। इसी कार का इस्तेमाल कर आरोपी वारदात के बाद भाग गए थे।
पुलिस जांच के अनुसार, 4 मार्च को नोएडा के सेक्टर-75 स्थित आईवी काउंटी सोसाइटी के मार्केट में साहिल सिंघल नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह घटना उस समय हुई जब साहिल सोसाइटी के मार्केट में मौजूद था।
आरोपियों ने मौके पर पहुंचकर उस पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जांच में पता चला कि मृतक साहिल सिंघल और आरोपी महिला प्रिया सिंह के बीच पिछले कुछ समय से अवैध संबंध थे। इसी बात को लेकर महिला के भाइयों में नाराजगी थी।
बताया जा रहा है कि इसी रंजिश के चलते महिला ने अपने दोनों भाइयों और एक नाबालिग के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। योजना के अनुसार सभी आरोपी सोसाइटी के अंदर पहुंचे और साहिल को गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने सभी आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं नाबालिग को बाल न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा।