क्या पटना में एक और हत्या से दहशत फैली है? 19 साल के छात्र को अज्ञात अपराधियों ने मारी गोली
सारांश
मुख्य बातें
पटना, 17 अगस्त (राष्ट्र प्रेस)। बिहार की राजधानी पटना एक और हत्याकांड से दहल उठी है। रविवार को 19 वर्ष के छात्र की हत्या कर दी गई, जिसकी पहचान राज कृष्णा के रूप में हुई। पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस का खोखा बरामद किया है और जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह लगभग 9 बजे राज कृष्णा को गोली मारी गई। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पटना पुलिस ने बताया कि अज्ञात अपराधियों ने युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल किया था।
पटना पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी, "17 अगस्त की सुबह गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में सरिस्ताबाद मोड के पास अज्ञात अपराधियों द्वारा एक युवक को गोली मारने की सूचना मिली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।"
पटना पुलिस ने आगे कहा, "घटनास्थल पर एफएसएल और डॉग स्क्वाड टीम की मदद से फॉरेंसिक साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है।"
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनु कुमारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि घटना की जांच के लिए टीमें मौके पर मौजूद हैं। इस मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
इससे पहले, 14 अगस्त को पटना में एक युवक की चाकू से हत्या की गई थी। पुलिस ने बताया कि चमडोरिया किला रोड पर कुछ लड़कों ने एक युवक को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल की पहचान सन्नी कुमार के रूप में हुई, जिसके इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।