पीजीआईएमईआर में सीनियर रिसर्च फेलो समेत 3 पदों पर भर्ती, इंटरव्यू की तारीख तय
सारांश
मुख्य बातें
चंडीगढ़, 13 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर) में नौकरी पाने का एक सुनहरा अवसर आया है। पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ ने सीनियर रिसर्च फेलो के साथ कुल 3 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
इन तीन पदों में सीनियर रिसर्च फेलो, प्रोजेक्ट टेक्निकल सपोर्ट-I (अनंत मुस्कान) और प्रोजेक्ट टेक्निकल सपोर्ट-I (प्रारम्भ) शामिल हैं। योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन-इंटरव्यू एवं दस्तावेज़ सत्यापन के आधार पर किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को एएनआरएफ, आईसीएमआर/पीजीआईएमईआर के निर्देशों के अनुसार वेतन दिया जाएगा।
इंटरव्यू में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद के अनुसार बेसिक साइंस में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री या व्यावसायिक पाठ्यक्रम में ग्रेजुएशन/मास्टर डिग्री के साथ अनुसंधान में अनुभव होना आवश्यक है। इसके अलावा, अभ्यर्थियों के पास 10वीं कक्षा के साथ 2 वर्षों का अनुभव या 3 वर्षों की ग्रेजुएशन डिग्री होनी चाहिए। अन्य आवश्यक पात्रता, कौशल और अनुभव भी होना अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु पद के अनुसार 30 से 35 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है, जिसकी गणना इंटरव्यू की तारीख के अनुसार की जाएगी।
वॉक-इन-इंटरव्यू का आयोजन 24 अप्रैल को सुबह 11 बजे से 'विभागाध्यक्ष, मुख स्वास्थ्य विज्ञान केंद्र, पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़' के पते पर किया जाएगा। योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों को समय पर पहुंचने के साथ एप्लीकेशन फॉर्म की हार्ड कॉपी और सभी संबंधित दस्तावेज़ साथ लाने की सलाह दी जाती है।
रजिस्ट्रेशन फॉर्म डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले पीजीआईएमईआर-चंडीगढ़ की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी ऑफिशियल नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक करें। फिर अधिसूचना में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकालें। सभी आवश्यक जानकारियों को दर्ज कर इंटरव्यू केंद्र पर साथ ले जाएं।