रांची: बुंडू में पेड़ से लटकते मिले युवक-युवती के शव, पुलिस कर रही जांच
सारांश
Key Takeaways
- युवक और युवती का शव पेड़ से लटका मिला
- स्थानीय लोगों में सनसनी
- पुलिस मामले की जांच कर रही है
- शवों की पहचान अभी बाकी है
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
रांची, 13 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। झारखंड की राजधानी रांची के बुंडू थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक और एक युवती का शव पेड़ से लटकता हुआ पाया गया। यह घटना माझिटोली पागला बाबा रोड के निकट हुई। एक साथ दो शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
स्थानीय निवासियों के बीच इस घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। बताया जा रहा है कि जब ग्रामीण सुबह पागला बाबा रोड पर निकले, तो उन्होंने पेड़ से लटकते हुए दो शव देखे। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। मृत युवक और युवती की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच आंकी जा रही है, लेकिन अब तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस आसपास के गांवों और थानों में लापता व्यक्तियों की सूची से पहचान करने का प्रयास कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही बुंडू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पेड़ से उतारकर अपने कब्जे में ले लिया। कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि शवों की स्थिति देखकर ऐसा लगता है कि इन्हें कहीं और से लाकर यहां लटकाया गया है।
वहीं, प्रारंभिक दृष्टि में इसे प्रेम प्रसंग में आत्महत्या का मामला भी माना जा रहा है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों कोणों से अनुसंधान कर रही है। पुलिस ने सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रांची स्थित रिम्स भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण और समय का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस स्थानीय निवासियों और राहगीरों से पूछताछ करके जानकारी इकट्ठा करने में लगी है।