झारखंड में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले दो शव: रांची में युवक और कोडरमा में किसान का मामला
सारांश
मुख्य बातें
रांची/कोडरमा, 8 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। झारखंड के रांची और कोडरमा जिलों में बुधवार को दो व्यक्तियों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। रांची के रातू थाना क्षेत्र के चटकपुर गांव में सुबह ग्रामीणों ने एक बंद घर के अंदर एक युवक का शव देखा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना पर रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक दृष्टि से यह एक हादसा प्रतीत होता है। थाना प्रभारी ने बताया कि जिस घर में युवक का शव मिला, उसके ठीक ऊपर से 11 हजार वोल्ट की हाई-टेंशन बिजली की लाइन गुजर रही थी।
पुलिस का मानना है कि युवक संभवतः इस तार की चपेट में आ गया होगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालाँकि, पुलिस हत्या और अन्य संभावनाओं पर भी गौर कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मृतक के परिजनों से संपर्क किया गया है।
वहीं, कोडरमा जिले के ढाब थाना क्षेत्र में तीन दिन से लापता किसान किशोर यादव (55) का शव एक पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने बताया कि किशोर यादव 5 अप्रैल को अपने मवेशियों को चराने के लिए जंगल गए थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। परिजनों ने 6 अप्रैल को उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
बुधवार को कुछ ग्रामीण जब लकड़ी चुनने जंगल गए, तो उन्होंने पेड़ से लटका शव देखा। सूचना मिलने पर ढाब थाना प्रभारी बमबम साह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेजा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किशोर यादव पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से जूझ रहे थे। इस आधार पर पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चलेगा।