क्या SSC GD PET 2025 के परिणाम जारी हो गए? योग्य अभ्यर्थी हुए शॉर्टलिस्ट
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (राष्ट्र प्रेस)। कर्मचारी चयन आयोग ने SSC GD कांस्टेबल भर्ती 2025 की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और शारीरिक मानक परीक्षा (PST) के परिणाम की घोषणा कर दी है। परीक्षा में भाग लेने वाले सभी उम्मीदवार अब अपने परिणाम को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट 'SSCDOTGOVIN' पर जाकर देख सकते हैं।
आयोग के अनुसार, PET/PST परीक्षा 20 अगस्त से 15 सितंबर 2025 के बीच आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में कुल 3,94,121 उम्मीदवारों ने भाग लिया था। सफल उम्मीदवारों को अब विस्तृत चिकित्सा परीक्षा (DME) और दस्तावेज सत्यापन (DV) के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है।
उम्मीदवारों की सुविधा के लिए परिणाम डाउनलोड करने की प्रक्रिया भी जारी की गई है। इसके लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर उपलब्ध 'रिजल्ट' लिंक पर क्लिक करें। अब 'SSC कांस्टेबल GD PET परिणाम 2025 सूची 1' और 'सूची 2' पर क्लिक करें। एक नई PDF फाइल खुलेगी, जिसमें उम्मीदवार अपने नाम और रोल नंबर से परिणाम देख सकते हैं।
फाइल को डाउनलोड कर लें और आगे की प्रक्रिया के लिए इसकी एक हार्ड कॉपी सुरक्षित रखें।
आयोग ने जानकारी दी है कि 20 महिला उम्मीदवारों और 260 पुरुष उम्मीदवारों के परिणाम संदिग्ध कदाचार के कारण रोक दिए गए हैं। इन उम्मीदवारों की उम्मीदवारी की आगे जांच की जाएगी, जिसके बाद उनके परिणाम घोषित किए जाएंगे।
SSC GD कांस्टेबल भर्ती 2025 के माध्यम से कुल 53,690 पदों पर भर्ती की जानी है। इसमें से 48,320 पद पुरुष उम्मीदवारों के लिए और 5,370 पद महिला उम्मीदवारों के लिए निर्धारित किए गए हैं।
यह भर्ती देश की विभिन्न केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और सुरक्षा संगठनों में की जा रही है। जिन बलों में भर्ती होनी है, उनमें सीमा सुरक्षा बल (BSF), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), सशस्त्र सीमा बल (SSB), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP), असम राइफल्स (AR), नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB), और सचिवालय सुरक्षा बल (SSF) शामिल हैं।
आयोग ने उम्मीदवारों से अनुरोध किया है कि वे आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट चेक करते रहें ताकि DME और DV से जुड़ी आगे की जानकारी समय पर मिल सके।