उत्तर-पूर्वी दिल्ली में नाबालिग की चाकू से हत्या, सुरक्षा पर बढ़ी चिंता
सारांश
Key Takeaways
- उत्तर-पूर्वी दिल्ली में नाबालिग की चाकू से हत्या हुई।
- स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है।
- पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
- सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान की जा रही है।
- पिछले दिनों में भी इसी तरह की घटनाएं हुई हैं।
नई दिल्ली, 26 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली में आपराधिक घटनाओं में निरंतर वृद्धि ने स्थानीय लोगों के मन में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता पैदा कर दी है। क्षेत्र में एक नाबालिग की निर्मम हत्या ने वहां हड़कंप मचा दिया है।
थाना दयालपुर के गली नंबर 13 में बुधवार रात को एक नाबालिग को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। उसे जग प्रवेश चंद्र हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल बना दिया है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, रात के समय 2 से 3 हमलावरों ने मिलकर नाबालिग पर हमला किया और उसे गंभीर चोटें पहुंचाकर वहां से फरार हो गए। पुलिस को सूचना मिलते ही दयालपुर थाना की टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। साथ ही एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी घटनास्थल पर बुला ली गई, जिसने महत्वपूर्ण सबूत इकट्ठा किए।
पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है ताकि आपराधियों की पहचान की जा सके।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर गुरु तेग बहादुर अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। इस मामले में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की खोज तेज कर दी गई है। साथ ही, इस घटना के पीछे के कारणों को भी जानने की कोशिश की जा रही है।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली में पिछले तीन दिनों में चाकू से हमलों के चलते तीन हत्याएं हुई हैं, जिससे स्थानीय लोग दहशत में हैं। इससे पहले 22 मार्च की रात को न्यू जाफराबाद में एक युवक की चाकू से हत्या कर दी गई थी। इसके अलावा, 23 मार्च को घोंडा में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की चाकू मारकर हत्या की गई थी। पुलिस अभी तक सभी मामलों में कोई ठोस सबूत नहीं जुटा पाई है, लेकिन जांच और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन पुलिस अधिकारियों ने दिया है।