आईपीएल 2026: अभिषेक शर्मा ने बनाया अनचाहा रिकॉर्ड, कैलेंडर वर्ष में सबसे अधिक बार 'डक' पर आउट
सारांश
मुख्य बातें
हैदराबाद, 13 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के ओपनर अभिषेक शर्मा ने राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 21वें मैच में बिना खाता खोले आउट होकर एक नया रिकॉर्ड बना दिया है। अब वह टी20 प्रारूप में एक कैलेंडर वर्ष में सबसे अधिक बार 'डक' पर आउट होने वाले भारतीय बन गए हैं।
अभिषेक शर्मा ने वर्ष 2026 में अब तक 18 टी20 पारियां खेली हैं, जिनमें से 7 बार वह शून्य पर वापस लौट चुके हैं। साल के सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले भारतीय खिलाड़ियों में रोहित शर्मा और संजू सैमसन संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं।
रोहित शर्मा ने 2018 में 32 टी20 पारियों में 6 बार डक का सामना किया, जबकि संजू सैमसन ने 2024 में 32 पारियों में बिना खाता खोले पवेलियन लौटने का सामना किया। गुरकीरत सिंह मान ने 2013 में 19 पारियों में 5 बार 'डक' पर आउट होने का रिकॉर्ड बनाया था।
इस मैच में, राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेली गई पहली गेंद पर ही अभिषेक शर्मा ने अपना विकेट जोफ्रा आर्चर को दे दिया। इसके साथ ही वह आईपीएल के किसी मैच की पहली गेंद पर आउट होने वाले सनराइजर्स हैदराबाद के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले शिखर धवन 2018 में क्वार्टर फाइनल मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पहले गेंद पर पवेलियन लौट चुके थे।
राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर सनराइजर्स हैदराबाद को बैटिंग के लिए आमंत्रित किया। दोनों टीमें इस मैच में 2-2 बदलावों के साथ उतरी हैं।
ईशान किशन की कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद में अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, प्रफुल्ल हिंगे और ईशान मलिंगा शामिल हैं।
वहीं, रियान पराग की कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स में यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), लुआन-ड्रे प्रीटोरियस, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जड़ेजा, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई और तुषार देशपांडे शामिल हैं।