कप्तान ऋषभ पंत ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार पर जताई निराशा, मौकों को भुनाने में चूके
सारांश
मुख्य बातें
लखनऊ, 12 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। आईपीएल 2026 के 19वें मुकाबले में रविवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। घरेलू मैदान पर आई लगातार छठी हार के बाद कप्तान ऋषभ पंत ने स्वीकार किया कि टीम ने मुकाबले में मिले मौकों को भुनाने में नाकामी दिखाई, जिसका परिणाम भुगतना पड़ा।
पंत ने मैच के बाद कहा, "देखिए, रन तो निश्चित रूप से पर्याप्त नहीं थे। इसमें कोई संदेह नहीं कि उन्होंने अच्छी गेंदबाजी की। मेरा मानना है कि इस तरह की पिच पर 170 से 180 का स्कोर वास्तव में एक अच्छा स्कोर होता। हालांकि, उन्होंने हम पर इतना दबाव डाला कि विकेट लगातार गिरते रहे। जैसा मैंने कहा, इस तरह की पिच पर 170 से 180 का स्कोर निश्चित रूप से अच्छा होता है। लेकिन इसके बावजूद, आपके पास मौके होते हैं। बस, हम उन मौकों को सही तरीके से भुना नहीं पाए।"
बल्लेबाजी क्रम के बारे में पंत ने कहा, "यह निश्चित रूप से एक बेहतरीन लाइनअप है। हालाँकि, टूर्नामेंट अभी शुरू हुआ है। हम खिलाड़ियों पर दबाव नहीं डाल रहे हैं, ख़ासकर सीनियर खिलाड़ियों पर, क्योंकि उन्हें पता है कि उन्हें क्या करना है। कभी-कभी, आप अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं, लेकिन नहीं कर पाते। लेकिन हमें विश्वास है कि टीम में एक-दूसरे पर भरोसा है। हम जानते हैं कि वे जल्दी ही अपनी फॉर्म में वापस आएंगे। हम हमेशा सकारात्मक रहते हैं।"
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 164 रन बनाए। टीम की ओर से सबसे ज्यादा 30 रन एडेम मार्करम ने बनाये। एलएसजी का बल्लेबाजी क्रम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सका। मिचेल मार्श 11 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान ऋषभ पंत ने 18 रन बनाए। आयुष बदोनी 9 रन पर आउट हो गए। निकोलस पूरन ने 19 रन बनाकर प्रसिद्ध कृष्णा का शिकार बने। अब्दुल समद और मुकुल चौधरी ने भी 18-18 रन बनाकर अपना योगदान दिया।
गुजरात टाइटंस ने एलएसजी से मिले 165 रनों के लक्ष्य को 4 विकेट खोकर मात्र 18.2 ओवर में हासिल कर लिया। शुभमन गिल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 56 रनों की शानदार पारी खेली। जोस बटलर ने 37 गेंदों में 60 रन बनाए। वॉशिंगटन सुंदर 21 और राहुल तेवतिया 10 रन बनाकर नाबाद रहे। साई सुदर्शन ने 15 रनों का योगदान दिया।