क्या ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज डेमियन मार्टिन अस्पताल में भर्ती हैं?
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 31 दिसंबर (राष्ट्र प्रेस)। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज डेमियन मार्टिन को अस्पताल में भर्ती किया गया है। वह मेनिनजाइटिस (दिमागी बुखार) से जूझ रहे हैं। 54 साल के मार्टिन बॉक्सिंग डे पर बीमार पड़ गए थे। वह इस समय इंड्यूस्ड कोमा में हैं।
डेमियन मार्टिन के करीबी मित्र और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट ने उनकी बीमारी की पुष्टि की है। मार्टिन की स्थिति चिंताजनक है और उनके साथी खिलाड़ी उनके जल्दी स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
गिलक्रिस्ट ने न्यूज कॉर्प से कहा कि उन्हें सर्वोत्तम इलाज मिल रहा है। अमांडा और उनका परिवार जानता है कि बहुत सारे लोग उनके लिए प्रार्थना कर रहे हैं और शुभकामनाएं भेज रहे हैं।
पूर्व बल्लेबाज डैरेन लेहमैन ने एक्स पर लिखा, "डेमियन मार्टिन के लिए बहुत सारा प्यार और दुआएं। मजबूत रहो और लड़ाई जारी रखो। परिवार को प्यार।"
डेमियन मार्टिन को ऑस्ट्रेलिया के लिए बेहतरीन बल्लेबाजों में गिना जाता है। वह मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते थे और अपने बेहतरीन स्ट्रोकप्ले के लिए प्रसिद्ध थे। वनडे विश्व कप 2003 के फाइनल में भारत के खिलाफ उनकी नाबाद 88 रन की पारी उनके करियर की यादगार पारियों में से एक रही है। इस पारी ने ऑस्ट्रेलिया को विश्व विजेता बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
54 वर्षीय डेमियन मार्टिन ने 1992 से 2006 तक ऑस्ट्रेलिया के लिए 67 टेस्ट मैच खेले। वह स्टीव वॉ की टीम के महत्वपूर्ण सदस्य बन गए थे। 2006 में उन्होंने क्रिकेट से संन्यास लिया। टेस्ट मैचों में उन्होंने 46.37 की औसत से 13 शतक लगाते हुए 4,406 रन बनाए। 208 वनडे की 182 पारियों में 4 शतक और 37 अर्धशतक लगाते हुए उन्होंने 40.80 की औसत से 5,346 रन बनाए। उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद रहा। 4 टी20 मैचों में उन्होंने 120 रन बनाए, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 96 रन था।
संन्यास के बाद मार्टिन कुछ समय के लिए कमेंटेटर के रूप में भी कार्यरत रहे थे।