डीसी बनाम आरसीबी: राहुल और स्टब्स के अर्धशतकों के साथ मिलर की अद्भुत बल्लेबाजी से कैपिटल्स की रोमांचक जीत
सारांश
Key Takeaways
- दिल्ली कैपिटल्स ने 6 विकेट से जीत हासिल की।
- केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स ने अर्धशतक बनाए।
- डेविड मिलर ने अंतिम ओवर में महत्वपूर्ण रन बनाए।
बेंगलुरु, 18 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स के अर्धशतकों के बाद डेविड मिलर की विस्फोटक बल्लेबाजी के साथ दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 26वें मुकाबले को जीत लिया। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में डीसी ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को 6 विकेट से हराकर प्वाइंट्स टेबल में चौथा स्थान प्राप्त किया।
आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स ने 5 में से 3 मैच जीत लिए हैं, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 6 में से 4 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है।
टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने 8 विकेट खोकर 175 रन बनाए। इस टीम को विराट कोहली और फिल साल्ट की ओपनिंग जोड़ी ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने 5.1 ओवर में 52 रन की साझेदारी की। कोहली 19 रन बनाकर आउट हुए, इसके बाद साल्ट ने देवदत्त पड्डिकल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 29 गेंदों में 47 रन जोड़े।
साल्ट ने 38 गेंदों में 3 छक्कों और 4 चौकों के साथ 63 रन की पारी खेली, जबकि पड्डिकल ने 18 रन का योगदान दिया। इसके बाद टिम डेविड ने 26 रन और जितेश शर्मा ने 14 रन बनाए। क्रुणाल पंड्या ने 12 रन जोड़े। विपक्षी खेमे से अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और लुंगी एनगिडी ने 2-2 विकेट लिए, जबकि मुकेश कुमार ने 1 विकेट लिया।
जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 19.5 ओवर में जीत हासिल की। पारी की चौथी गेंद पर डीसी को पथुम निसांका (1) के रूप में झटका लगा। इसके बाद 2.5 ओवर में 18 के स्कोर तक टीम ने करुण नायर (5) और समीर रिजवी (2) का विकेट भी गंवाया। शुरुआती तीनों विकेट भुवनेश्वर कुमार के नाम रहे।
यहां से ट्रिस्टन स्टब्स ने केएल राहुल के साथ चौथे विकेट के लिए 44 गेंदों में 69 रन की साझेदारी की। राहुल 34 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों के साथ 57 रन बनाकर आउट हुए, इसके बाद कप्तान अक्षर पटेल ने स्टब्स के साथ मिलकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया।
13.3 ओवर के बाद डीसी के कप्तान अक्षर पटेल क्रैंप्स के कारण परेशानी में दिखे। हालांकि, कुछ समय तक मैदान पर उपचार के बाद उन्होंने बल्लेबाजी जारी रखी, लेकिन 15.5 ओवर के बाद फिर से उन्हें दर्द होने लगा। अंततः, उन्हें रिटायर्ड हर्ड होकर वापस लौटना पड़ा और उनके स्थान पर डेविड मिलर बल्लेबाजी के लिए आए। कप्तान पटेल ने 19 गेंदों में 3 चौकों के साथ 26 रन बनाए।
18वें ओवर में ऐसा अवसर आया, जब दिल्ली कैपिटल्स की पारी में 24 गेंदों के बाद बाउंड्री आई। अंतिम ओवर में टीम को 15 रन की आवश्यकता थी। रोमारियो शेफर्ड के इस ओवर की तीसरी और चौथी गेंद पर डेविड मिलर ने छक्के लगाए। अंतिम गेंद पर चौका लगाकर मैच का अंत कर दिया।
ट्रिस्टन स्टब्स ने डेविड मिलर के साथ 24 गेंदों में 45 रन की अटूट साझेदारी की। स्टब्स 47 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों के साथ 60 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि मिलर ने 10 गेंदों में 2 छक्कों और 1 चौके के साथ नाबाद 22 रन बनाकर दिल्ली को रोमांचक जीत दिलाई। विपक्षी खेमे से भुवनेश्वर कुमार ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए। क्रुणाल पंड्या ने 1 विकेट निकाला।