क्या हैरी ब्रूक और जो रूट ने इंग्लैंड को 358 रन का लक्ष्य देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई?
सारांश
मुख्य बातें
कोलंबो, 27 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। श्रीलंका के खिलाफ चल रही वनडे श्रृंखला के तीसरे और निर्णायक मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट पर 357 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इंग्लैंड की ओर से हैरी ब्रूक और जो रूट ने शानदार शतकीय पारियां खेलीं।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने निकली इंग्लैंड को शुरुआत में कुछ मुश्किलों का सामना करना पड़ा। पहला विकेट बेन डकेट के रूप में 19 और दूसरा विकेट रेहान अहमद के रूप में 40 के स्कोर पर गिरा। दोनों बल्लेबाजों ने क्रमश: 7 और 24 रन बनाए। 40 रन पर दो विकेट खोकर संकट में फंसी इंग्लैंड को अनुभवी जो रूट और युवा जैकब बेथल ने संभाला।
रूट और बेथल ने तीसरे विकेट के लिए 126 रन की साझेदारी कर इंग्लैंड के लिए बड़े स्कोर की नींव रखी। टीम का स्कोर जब 166 रन था, उस समय जैकब बेथल 65 रन बनाकर आउट हुए। 72 गेंदों में उन्होंने 8 चौके लगाए।
इसके बाद रूट को हैरी ब्रूक का साथ मिला। ब्रूक ने क्रीज पर आते ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी शुरू की। दोनों बल्लेबाजों ने 18.5 ओवर में 191 रन की साझेदारी करते हुए इंग्लैंड का स्कोर 50 ओवर में 3 विकेट पर 357 रन तक पहुंचा दिया।
हैरी ब्रूक ने 66 गेंद पर 9 छक्कों और 11 चौकों की मदद से 136 रन बनाकर नाबाद रहे। ब्रूक ने 40 गेंदों में फिफ्टी लगाई और फिर 57 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह हैरी ब्रूक का वनडे करियर का तीसरा शतक था और अब तक की सबसे बड़ी पारी भी थी।
जो रूट ने 108 गेंद पर 1 छक्का और 9 चौकों की मदद से 111 रन बनाकर नाबाद रहे। यह रूट के वनडे करियर का 20वां शतक था।
श्रीलंका के गेंदबाज पूरी तरह प्रभावित करने में विफल रहे। असिथा फर्नांडो ने 9 ओवर में 77 रन दिए। वानिंदु हसरंगा ने 10 ओवर में 76 और जेफ्री वेंडरसे ने 10 ओवर में 76 रन लुटाए। जेनिथ लियांगे सबसे किफायती गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 ओवर में 7 रन दिए।
यह श्रृंखला का तीसरा और निर्णायक मुकाबला है। दोनों टीमें अब तक 1-1 मैच जीतकर बराबरी पर हैं।