टी20 वर्ल्ड कप में कप्तान हैरी ब्रूक ने बनाया नया रिकॉर्ड, पहले कप्तान बने शतक लगाने वाले
सारांश
मुख्य बातें
पल्लेकेले, 24 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचने का रास्ता बना लिया है। इस मैच में इंग्लिश टीम की सफलता का श्रेय कप्तान हैरी ब्रूक को जाता है। ब्रूक ने टी20 विश्व कप में कप्तान के रूप में शतक लगाकर और सबसे बड़ी पारी खेलकर इतिहास रच दिया है।
नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए, हैरी ब्रूक ने अपने टी-20 इंटरनेशनल करियर का पहला शतक जमाया। उन्होंने 51 गेंदों पर 100 रनों की शानदार पारी खेली और टी20 विश्व कप में शतक लगाने वाले पहले कप्तान बन गए। उन्होंने क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2010 में भारत के खिलाफ 98 रन बनाये थे।
पारी की शुरुआत में ही फिल साल्ट के आउट होते ही हैरी ब्रूक ने मैदान में कदम रखा। उन्होंने शुरुआत से ही बेहतरीन लय दिखाई और जोरदार शॉट्स खेलते रहे।
साल्ट और जो रूट के जल्दी आउट होने के बाद, ब्रूक ने एक छोर संभाला और सैम करन के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 45 रन जोड़े। इसके अलावा, उन्होंने विल जैक्स के साथ भी अर्धशतकीय साझेदारी की। ब्रूक ने 196 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 10 चौके और 4 छक्के लगाए।
इससे पहले, पाकिस्तान ने साहिबजादा फरहान की 63 रनों की पारी के माध्यम से 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 164 रन बनाये। फरहान ने अपनी पारी में 7 चौके और 2 छक्के लगाए। हालांकि, उन्हें दूसरे छोर से अन्य बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला।
बाबर आजम ने 24 गेंदों पर महज 25 रन बनाकर अपना विकेट गंवाया, जबकि फखर जमान ने 16 गेंदों में 25 रन बनाकर आदिल रशीद का शिकार बने। अंतिम ओवरों में शादाब खान ने 11 गेंदों में 23 रन बनाये।
इंग्लैंड की गेंदबाजी में लियाम डॉसन ने 4 ओवर में केवल 24 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं, जोफ्रा आर्चर और जेमी ओवरटन ने दो-दो विकेट लिए।