जैकब बेथेल ने इंग्लैंड के लिए टी20 वर्ल्ड कप में बनाया सबसे तेज शतक, तोड़ा गेल का रिकॉर्ड
सारांश
Key Takeaways
- जैकब बेथेल ने इंग्लैंड के लिए सबसे तेज शतक बनाया।
- उनकी पारी ने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया।
- बेथेल ने पहले 19 गेंदों में अर्धशतक भी बनाया।
मुंबई, 5 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में, इंग्लैंड को भारतीय टीम के हाथों 7 रनों से हार का सामना करना पड़ा। वानखेड़े स्टेडियम पर भारत द्वारा निर्धारित 254 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 7 विकेट खोकर 246 रन ही बना सकी। इस मैच में इंग्लैंड के जैकब बेथेल ने 48 गेंदों में 105 रनों की जोरदार पारी खेलकर टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड की ओर से सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया।
बेथेल ने सेमीफाइनल मैच में केवल 45 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। वह टी20 विश्व कप में इंग्लैंड के लिए शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने। इससे पहले इंग्लिश कप्तान हैरी ब्रूक ने इस विश्व कप में 50 गेंदों में शतक बनाया था। बेथेल ने टी20 विश्व कप के इतिहास में दूसरा सबसे तेज शतक लगाने का कीर्तिमान भी अपने नाम किया, जिससे उन्होंने क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा। गेल ने 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ 47 गेंदों में शतक बनाया था।
टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड फिन एलन के पास है। उन्होंने इस विश्व कप में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल में महज 33 गेंदों में शतक बनाया था। जैकब बेथेल ने टी20 विश्व कप में इंग्लैंड की ओर से सबसे तेज अर्धशतक भी लगाया, जिसमें उन्होंने केवल 19 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। बेथेल ने एक छोर पर शानदार बल्लेबाजी की, लेकिन उन्हें अन्य इंग्लिश बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। बेथेल के अलावा, इंग्लैंड के विल जैक्स ने 35 रनों और जोस बटलर ने 25 रनों का योगदान दिया।
इससे पहले, भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 253 रन बनाए। संजू सैमसन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 89 रनों की आतिशी पारी खेली। शिवम दुबे ने भी 25 गेंदों में 43 रनों की शानदार पारी खेली। हार्दिक पांड्या ने 12 गेंदों में 27 और तिलक वर्मा ने 21 रन बनाए। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में होगा।