जैकब बेथेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हर फॉर्मेट में पहला शतक लगाकर नया रिकॉर्ड बनाया
सारांश
Key Takeaways
- जैकब बेथेल ने पहले टी20 शतक के साथ नया रिकॉर्ड बनाया।
- उन्होंने सभी फॉर्मेट में पहला शतक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगाया।
- इंग्लैंड क्रिकेट के भविष्य का प्रतीक बन चुके हैं।
मुंबई, 6 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। जैकब बेथेल को इंग्लैंड क्रिकेट का भविष्य माना जा रहा है। घरेलू क्रिकेट में उनकी प्रतिभा को पहचानते हुए इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें राष्ट्रीय टीम में शामिल किया। उन्होंने इंग्लैंड के लिए तीनों फॉर्मेट में डेब्यू किया है और कप्तानी का अवसर भी प्राप्त किया है।
बेथेल ने तीनों फॉर्मेट में अपनी क्षमता को सिद्ध किया है और बोर्ड के निर्णय को सही ठहराया है।
गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टी20 विश्व कप का दूसरा सेमीफाइनल इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ खेला। इस मैच में इंग्लैंड को 7 रन से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन बेथेल ने अपनी विस्फोटक शतकीय पारी से क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया।
जैकब बेथेल ने 48 गेंदों पर 105 रन बनाए। यह उनका टी20 करियर (घरेलू, लीग या अंतरराष्ट्रीय) में पहला शतक है। इस शतक के साथ, बेथेल पहले बल्लेबाज बन गए हैं जिन्होंने प्रथम श्रेणी, लिस्ट ए और टी20 फॉर्मेट में पहला शतक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बनाया। आमतौर पर क्रिकेटर इन फॉर्मेट्स में पहला शतक घरेलू क्रिकेट में लगाते हैं, लेकिन बेथेल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसे हासिल किया। अब उनके नाम तीनों फॉर्मेट में 1-1 शतक है।
जून 2021 में घरेलू क्रिकेट में कदम रखने वाले बेथेल को सितंबर 2024 में इंग्लैंड टीम में डेब्यू करने का मौका मिला। उन्होंने 6 टेस्ट में 1 शतक और 3 अर्धशतक के साथ 476, 21 वनडे में 1 शतक और 5 अर्धशतक के साथ 603 तथा 31 टी20 में 1 शतक और 3 अर्धशतक के साथ 697 रन बनाए हैं। इसके साथ ही, टेस्ट में 4, वनडे में 8 और टी20 में 8 विकेट भी उनके नाम हैं।