जैकब बेथेल ने इंग्लैंड की ओर से टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज शतक लगाकर क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा
सारांश
Key Takeaways
- जैकब बेथेल ने 45 गेंदों में शतक बनाया।
- क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा गया।
- भारत ने 253 रन बनाए।
- फाइनल मुकाबला 8 मार्च को होगा।
- शानदार प्रदर्शन के बावजूद इंग्लैंड हार गया।
मुंबई, 5 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को भारतीय टीम के खिलाफ 7 रनों से हार झेलनी पड़ी। वानखेड़े स्टेडियम में भारत द्वारा दिए गए 254 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 7 विकेट खोकर 246 रन ही बना सकी। इंग्लैंड के जैकब बेथेल ने 48 गेंदों में 105 रनों की जोरदार पारी खेली। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के लिए सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया।
जैकब बेथेल ने सेमीफाइनल में अपना शतक 45 गेंदों में पूरा किया। वह टी20 विश्व कप में इंग्लैंड की तरफ से शतक बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने। इससे पहले इसी टूर्नामेंट में इंग्लिश कप्तान हैरी ब्रूक ने 50 गेंदों में शतक बनाया था। इसके साथ ही बेथेल ने टी20 विश्व कप के इतिहास में दूसरा सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है। उन्होंने क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने टी20 विश्व कप 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ 47 गेंदों में शतक बनाया था।
टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड फिन एलन के नाम है, जिन्होंने इसी विश्व कप में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 33 गेंदों में शतक बनाया था। जैकब बेथेल ने इंग्लैंड के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया, जिसमें उन्होंने 19 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। बेथेल ने एक छोर से शानदार बल्लेबाजी की, लेकिन अन्य इंग्लिश बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। उनके अलावा इंग्लैंड की तरफ से विल जैक्स ने 35 रन और जोस बटलर ने 25 रन का योगदान दिया।
इससे पहले, भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए। संजू सैमसन ने 42 गेंदों में 89 रनों की बेहतरीन पारी खेली। शिवम दुबे ने 25 गेंदों में 43 रन बनाकर जलवा बिखेरा। हार्दिक पांड्या ने 12 गेंदों में 27 और तिलक वर्मा ने 21 रन बनाए। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।