डीसी बनाम एमआई: केएल राहुल का अनचाहा आईपीएल रिकॉर्ड, पहली बार ऐसा हुआ
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 4 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। आईपीएल 2026 के आठवे मैच में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) का मुकाबला शनिवार को अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में मुंबई इंडियंस (एमआई) से हुआ। दिल्ली के प्रमुख बल्लेबाज केएल राहुल ने एमआई के खिलाफ अपनी बल्लेबाजी में कुछ खास नहीं किया।
राहुल ने तीन गेंदों का सामना करने के बाद केवल एक रन बनाकर आउट हो गए। दाएं हाथ के बल्लेबाज के लिए आईपीएल 2026 की शुरुआत अच्छी नहीं रही है। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेले गए मैच में भी राहुल बिना खाता खोले पवेलियन लौटे थे। दो मैचों में राहुल ने अब तक सिर्फ एक रन बनाया है। आईपीएल के इतिहास में मुंबई इंडियंस के खिलाफ राहुल 21 पारियों में पहली बार दहाई का आंकड़ा पार करने में असफल रहे हैं। राहुल को दीपक चाहर ने विकेटकीपर रयान रिकेल्टन के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा। आईपीएल की 13 पारियों में दीपक ने पहली बार केएल राहुल का विकेट लिया।
इससे पहले, टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 162 रन बनाए। मुंबई की ओर से हार्दिक पांड्या की अनुपस्थिति में कप्तान की भूमिका निभा रहे सूर्यकुमार यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंदों में 51 रनों की बेहतरीन पारी खेली। सूर्यकुमार ने अपनी पारी में 3 चौके और 2 छक्के लगाए। वहीं, रोहित शर्मा ने 26 गेंदों में 134 के स्ट्राइक रेट से 35 रन बनाए, लेकिन रोहित अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे।
नमन धीर ने 21 गेंदों पर 28 रन बनाए। अंतिम ओवरों में मिचेल सैंटनर ने 13 गेंदों में नाबाद 18 और कॉर्बिन बॉश ने 4 गेंदों में नाबाद 11 रन बनाए। गेंदबाजी में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से मुकेश कुमार ने 26 रन देकर सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए। लुंगी एनगिडी, अक्षर पटेल और टी नटराजन ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
दिल्ली कैपिटल्स ने इस मैच के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। हालांकि, मुंबई इंडियंस की टीम ने तीन बदलाव के साथ इस मैच में उतरी है। हार्दिक की जगह पर दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट के स्थान पर कॉर्बिन बॉश और अल्लाह गजनफर की जगह पर मिचेल सैंटनर को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है।