आईपीएल २०२६: हार्दिक पांड्या और टिम डेविड पर लग चुका है जुर्माना
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, १३ अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। मुंबई इंडियंस (एमआई) के कप्तान हार्दिक पांड्या और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बल्लेबाज टिम डेविड पर मैच फीस का २५ प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इन दोनों को आईपीएल २०२६ में एमआई और आरसीबी के बीच हुए मुकाबले में आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन करने के लिए सजा दी गई है।
आरसीबी के खिलाड़ी टिम डेविड को मैच फीस का २५ प्रतिशत जुर्माना और लेवल १ के अपराध के कारण एक डिमेरिट पॉइंट प्राप्त हुआ है। डेविड को आर्टिकल २.४ का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है, जो अंपायर के निर्देशों की अनदेखी से संबंधित है। आरसीबी की पारी के १८वें ओवर में अंपायर ने गेंद बदलने का निर्णय लिया था। इसी दौरान डेविड ने गेंद को हाथ में लिया और अंपायरों के बार-बार कहने पर भी गेंद वापस नहीं की।
पारी के अंतिम ओवर में भी टिम डेविड ने इसी प्रकार का व्यवहार किया, जिससे अंपायर नाखुश नजर आए। आरसीबी के बल्लेबाज ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और मैच रेफरी द्वारा निर्धारित सजा को मान लिया है। वहीं, हार्दिक पांड्या पर इस मैच के दौरान धीमे ओवर-रेट के लिए १२ लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। चूंकि यह आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल २.२२ के तहत मुंबई इंडियंस की इस सीजन की पहली गलती थी, इसलिए केवल जुर्माना लगाया गया है।
वानखेड़े स्टेडियम पर पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने २० ओवर में ४ विकेट के नुकसान पर २४० रन बनाए। टीम के लिए फिल साल्ट ने ३६ गेंदों में ७८ रनों की शानदार पारी खेली। विराट कोहली ने ३८ गेंदों में ५० रन बनाये, जबकि रजत पाटीदार ने सिर्फ २० गेंदों में ५३ रन बनाए। अंतिम ओवरों में टिम डेविड ने १६ गेंदों में ३४ रनों की नाबाद पारी खेली।
आरसीबी द्वारा दिए गए २४१ रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की टीम २० ओवर में ५ विकेट खोकर २२२ रन बनाकर ही रुक गई। रयान रिकेल्टन ने २२ गेंदों में ३७ और रोहित शर्मा ने १३ गेंदों में १९ रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। सूर्यकुमार यादव ने अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठाया और २२ गेंदों में ३३ रन बनाकर क्रुणाल पंड्या का शिकार बने। हार्दिक पांड्या ने २२ गेंदों में ४० रनों का योगदान दिया। अंत में शेरफेन रदरफोर्ड ने ३१ गेंदों में ७१ रनों की नाबाद पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत दिलाने में असमर्थ रहे। आईपीएल २०२६ में एमआई ने ४ मुकाबलों में से सिर्फ एक में जीत हासिल की है, जबकि ३ मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है।