आईपीएल 2026: रबाडा की पावरप्ले में शानदार गेंदबाज़ी, क्या बनेगा नया रिकॉर्ड?
सारांश
मुख्य बातें
अहमदाबाद, 20 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में अपनी बेहतर गेंदबाजी का प्रदर्शन किया है। 30 वर्षीय साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी इस सीजन पावरप्ले (1-6 ओवर) में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हैं, जिन्होंने 6 मुकाबलों में पावरप्ले के दौरान कुल 7 विकेट प्राप्त किए हैं।
इस सूची में दूसरे स्थान पर राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर हैं, जिन्होंने इस सीजन 6 मुकाबलों में 8 विकेट अपने नाम किए, जिनमें से 6 विकेट पावरप्ले के दौरान आए। लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के जैकब डफी 5-5 विकेट के साथ इस सूची में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं।
रबाडा ने इस सीजन पंजाब किंग्स के खिलाफ 34 रन देकर 1 विकेट हासिल किया, जबकि राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 42 रन देकर 2 विकेट निकाले। उस मैच में उन्होंने 23 रन की नाबाद पारी भी खेली।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ रबाडा ने 32 रन देकर कोई विकेट नहीं लिया, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ उन्होंने 54 रन देकर 1 विकेट लिया। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ उन्होंने 29 रन देकर 3 विकेट प्राप्त किए।
सोमवार को खेले जा रहे आईपीएल 2026 के 30वें मैच में शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात टाइटंस बी साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, वाशिंगटन सुंदर, शाहरुख खान, राशिद खान, मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा और अशोक शर्मा के साथ खेलेंगे।
वहीं, मुंबई इंडियंस की टीम में दानिश मालेवार और कृष भगत को डेब्यू का मौका मिला है। इन खिलाड़ियों के अलावा, एमआई की प्लेइंग इलेवन में क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या (कप्तान), तिलक वर्मा, शेरफेन रदरफोर्ड, मिशेल सेंटनर, जसप्रीत बुमराह और एएम गजनफर शामिल हैं।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हो रहे इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस की नजरें हार के क्रम को तोड़ने पर हैं, जबकि जीटी जीत का चौका लगाना चाहेगी।