आईपीएल 2026: आरआर ने टॉस जीतकर आरसीबी के खिलाफ चुनी गेंदबाजी, जोश हेजलवुड की वापसी
सारांश
मुख्य बातें
गुवाहाटी, 10 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। आईपीएल 2026 के 16वें मैच में बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का सामना राजस्थान रॉयल्स (आरआर) से हो रहा है। राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया है।
राजस्थान रॉयल्स ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है। तुषार देशपांडे की जगह बृजेश शर्मा को शामिल किया गया है। टॉस जीतने के बाद आरआर के कप्तान रियान पराग ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। यह विकेट सूखा माना जा रहा है, लेकिन बारिश के कारण इसमें थोड़ी नमी है, जिससे हम लाभ उठाने की कोशिश करेंगे। तुषार आराम कर रहे हैं और उनकी जगह बृजेश आए हैं।"
आरसीबी ने भी अपने अंतिम एकादश में एक बदलाव किया है। जोश हेजलवुड फिट होकर जैकब डफी की जगह टीम में लौट आए हैं। टॉस हारने के बाद राजत पाटीदार ने कहा, "यह हमारे लिए घर से बाहर पहला मुकाबला है। आप सभी का धन्यवाद। मुझे लगता है कि आप हमें यह महसूस करा रहे हैं कि यह पहले से ही हमारा घरेलू मैदान है। दुर्भाग्य से इस मैच में डफी नहीं खेल पाएंगे। डफी की जगह जोश हेजलवुड खेलेंगे। पिछले मैच में डफी ने भी शानदार गेंदबाजी की थी, लेकिन हर कोई जानता है कि जोश एक अनुभवी और विशेषज्ञ खिलाड़ी हैं।"
राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में शानदार रहा है। टीम ने अब तक 3 मुकाबले खेले हैं और सभी में जीत हासिल की है। वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल का बल्लेबाजी में प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है। यशस्वी ने 3 मुकाबलों में 170 के स्ट्राइक रेट से 170 रन बनाए हैं। वहीं, वैभव ने 248 के स्ट्राइक रेट से 122 रन बनाए हैं। ध्रुव जुरैल ने भी अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया है। गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर और संदीप शर्मा की तिकड़ी ने अच्छी गेंदबाजी की है। स्पिन विभाग में रवि बिश्नोई ने भी अपनी छाप छोड़ी है।
दूसरी ओर, आरसीबी ने इस सीजन में अब तक दो मुकाबलों में जीत हासिल की है। आरसीबी का बल्लेबाजी क्रम बेहतरीन फॉर्म में है। देवदत्त पडिक्कल लगातार दो मुकाबलों में अर्धशतक बना चुके हैं, और विराट कोहली भी बेहतरीन लय में दिखाई दे रहे हैं। फिल साल्ट और रजत पाटीदार का प्रदर्शन भी शानदार रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अंतिम मुकाबले में टिम डेविड ने 25 गेंदों में 70 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी। गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार और जैकब डफी की जोड़ी ने शुरुआती ओवरों में सफलता दिलाई। क्रुणाल पांड्या और सुयश शर्मा ने भी बीच के ओवरों में रन रोकने में सफलता पाई है।
आरसीबी की प्लेइंग इलेवन: विराट कोहली, फिल साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह और जोश हेजलवुड।
आरआर की प्लेइंग इलेवन: यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जड़ेजा, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई और बृजेश शर्मा।