आईपीएल 2026: संजू सैमसन ने चौथी बार लगाया शतक, सीएसके का 212 रन का लक्ष्य
सारांश
मुख्य बातें
चेन्नई, 11 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ जीत के लिए 213 रन का लक्ष्य रखा है। इस विशाल स्कोर तक पहुंचाने में संजू सैमसन की शानदार शतकीय पारी और आयुष म्हात्रे का अर्धशतक महत्वपूर्ण रहा।
एमए चिदंबरम स्टेडियम में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी सीएसके ने निर्धारित ओवरों में 2 विकेट खोकर 212 रन बनाए। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और संजू सैमसन ने शानदार शुरुआत करते हुए 6.2 ओवरों में 62 रन की साझेदारी की।
गायकवाड़ ने 18 गेंदों में 1 चौका लगाकर 15 रन बनाए। इसके बाद संजू ने आयुष म्हात्रे के साथ दूसरे विकेट के लिए 68 गेंदों में 113 रन की साझेदारी की, जिससे टीम 175 के स्कोर तक पहुंच गई। म्हात्रे 36 गेंदों में 4 छक्कों और 3 चौकों के साथ 59 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए। संजू ने 52 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो उनके आईपीएल करियर का चौथा शतक था।
संजू ने शिवम दुबे के साथ तीसरे विकेट के लिए 15 गेंदों में 37 रन की अटूट साझेदारी की। संजू ने 56 गेंदों में 4 छक्कों और 15 चौकों के साथ 115 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि दुबे ने 10 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 20 रन बनाकर नाबाद रहे। दिल्ली कैपिटल्स के लिए एकमात्र सफलता कप्तान अक्षर पटेल को मिली, जिन्होंने 4 ओवर में 39 रन देकर 1 विकेट लिया।
दिल्ली कैपिटल्स 3 में से 2 मैच जीतकर चौथे स्थान पर है, जबकि सीएसके ने शुरुआती तीनों मैच हारकर अंतिम स्थान पर है।
दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग इलेवन: पथुम निसांका, केएल राहुल (विकेटकीपर), समीर रिजवी, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, आकिब नबी डार, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी नटराजन, मुकेश कुमार।
चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग इलेवन: संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजपनीत, खलील अहमद।