आईपीएल 2026: विराट कोहली ने क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़कर नया मील का पत्थर बनाया
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 12 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। आईपीएल 2026 के 20वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का सामना रविवार को मुंबई इंडियंस से हुआ। वानखेड़े स्टेडियम पर विराट कोहली ने अद्भुत बल्लेबाजी करते हुए क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
टॉस हारने के बाद आरसीबी ने पहले बल्लेबाज़ी की शुरुआत की, जिसमें विराट कोहली और फिल साल्ट ने मिलकर बेहतरीन शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 10.5 ओवर में ही 120 रन बना डाले। इस साझेदारी के साथ ही कोहली ने क्रिस गेल का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है। विराट अब टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी निभाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। साल्ट के साथ मिलकर उन्होंने 47वीं बार टी20 में शतकीय साझेदारी की है। वहीं, गेल ने 46 बार ऐसा किया था। कोहली और गेल के बाद बाबर आज़म भी 46 बार 100 रनों से अधिक की साझेदारी बना चुके हैं।
साल्ट और कोहली की 120 रनों की साझेदारी आईपीएल में आरसीबी के लिए पहले विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी भी है। आरसीबी की ओर से सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी का रिकॉर्ड फाफ डू प्लेसिस और कोहली के नाम है, जिन्होंने 2023 में 148 रनों की साझेदारी की थी। साल्ट ने 36 गेंदों में 78 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें उन्होंने 216 के स्ट्राइक रेट से 6 चौके और 6 छक्के लगाए।
इस मैच के लिए आरसीबी ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है। पिछले मैच में 4 ओवर में 44 रन देने के बाद जोश हेजलवुड को मुंबई इंडियंस के खिलाफ टीम में स्थान नहीं दिया गया है। हेजलवुड की जगह जैकब डफी को शामिल किया गया है। वहीं, मुंबई इंडियंस ने भी इस मुकाबले में दो बदलाव किए हैं। मिचेल सैंटनर अल्लाह गजनफर के स्थान पर लौट आए हैं, जबकि दीपक चाहर की जगह मंयक मारकंडे को अतिरिक्त स्पिनर के रूप में शामिल किया गया है।