क्या शुभमन गिल टेस्ट की तरह ही वनडे में बतौर कप्तान सफल होंगे?: हरभजन सिंह
सारांश
मुख्य बातें
जालंधर, 7 अक्टूबर (राष्ट्र प्रेस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने बताया कि शुभमन गिल ने इंग्लैंड दौरे पर कप्तान के रूप में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। उन्हें विश्वास है कि वनडे फॉर्मेट में भी वह उतनी ही सफलता प्राप्त करेंगे।
शुभमन गिल इंग्लैंड के खिलाफ कठिन श्रृंखला में कप्तान के रूप में निखरकर सामने आए। चुनौतीपूर्ण समय में गिल ने अपनी क्षमता साबित की। मैं उन्हें वनडे फॉर्मेट का कप्तान बनने की शुभकामना देता हूं और आशा करता हूं कि टेस्ट में मिली सफलता वह वनडे में भी दोहराएंगे।
गिल को कप्तान बनाए जाने के बाद हरभजन सिंह ने कहा था, "मैं शुभमन गिल को कप्तान बनाए जाने से खुश हूं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने 2027 वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए गिल को वनडे का कप्तान बनाने का निर्णय लिया है। ऑस्ट्रेलिया की यात्रा करने वाली टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली भी शामिल हैं। गिल को कप्तानी में रोहित शर्मा से काफी मदद मिलेगी।"
हालांकि, हरभजन ने अपनी त्वरित प्रतिक्रिया में यह भी कहा था कि रोहित को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर केवल खिलाड़ी के रूप में देखना आश्चर्यजनक है। उन्होंने कप्तान के रूप में अंतिम श्रृंखला में भारत को चैंपियंस ट्रॉफी का विजेता बनाया था।
भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के बावजूद हो रहे मैच पर हरभजन सिंह ने कहा, "दोनों देशों की सरकारें चाहती हैं कि क्रिकेट हो, तो क्रिकेट हो रही है। अच्छी बात यह है कि भारतीय टीम जीत रही है। एशिया कप में भारत ने तीन बार पाकिस्तान को हराया। हम जितनी बार जीतेंगे, हमारे लिए उतना ही अच्छा होगा।"
एशिया कप का खिताब भारतीय टीम को न मिलने पर हरभजन सिंह ने कहा, "हम एशिया कप जीतने गए थे, जीत गए। जीत सबसे ज्यादा मायने रखती है। खिताब तो मिल ही जाएगा।"
हरभजन सिंह ने शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा की सराहना करते हुए कहा कि पंजाब के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय टीम में शानदार प्रदर्शन करते देखना अच्छा लगता है। मैं चाहता हूं कि भारतीय क्रिकेट टीम का भविष्य उज्ज्वल रहे।