क्या पाकिस्तान बनाम दक्षिण अफ्रीका टेस्ट में रोमांचक मोड़ आया?
सारांश
मुख्य बातें
लाहौर, 14 अक्टूबर (राष्ट्र प्रेस)। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच चल रहा पहला टेस्ट अब एक रोमांचक चरण में प्रवेश कर चुका है। तीसरे दिन कुल 16 विकेट गिरे, जिसमें पूरी तरह से स्पिनरों का दबदबा देखने को मिला। दक्षिण अफ्रीका को चौथी पारी में जीत के लिए 277 रन का लक्ष्य मिला है। दिन का खेल समाप्त होने तक दक्षिण अफ्रीका ने 2 विकेट खोकर 51 रन बना लिए हैं। उन्हें जीत के लिए 226 रन की जरूरत है, जबकि पाकिस्तान को 8 विकेट चाहिए।
दक्षिण अफ्रीका के लिए रियान रिकल्टन 29 और टोनी डे जॉर्जी 16 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। मार्कराम 3 और वियान मुल्डर शून्य पर नोमान अली के शिकार बने।
इससे पहले पाकिस्तान की दूसरी पारी 167 रन पर समाप्त हो गई। अब्दुल्ला शफीक ने 41, बाबर आजम ने 42 और सऊद शकील ने 38 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के लिए पहली पारी में 6 विकेट लेने वाले सेनुरान मुथुसामी ने दूसरी पारी में भी 5 विकेट लिए। सिमोन हार्मर ने 4 विकेट लिए।
तीसरे दिन का खेल दक्षिण अफ्रीका ने 6 विकेट पर 216 से आगे खेलना शुरू किया था। दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 269 रन पर समाप्त हुई थी। टोनी डे जॉर्जी ने सर्वाधिक 104 रन बनाए। वहीं रियान रिकल्टन ने 71 रन की पारी खेली। पाकिस्तान के लिए नोमान अली ने 6, साजिद खान ने 3, और सलमान आगा ने 1 विकेट लिए।
पाकिस्तान को पहली पारी के आधार पर 109 रन की लीड मिली। पहली पारी में पाकिस्तान ने इमाम-उल-हक और सलमान आगा के 93-93, कप्तान शान मसूद के 76 और मोहम्मद रिजवान के 75 रन की बदौलत 378 रन बनाए थे।
इस टेस्ट में अब तक गिरे 32 में से 30 विकेट स्पिनरों ने लिए हैं।