क्या मैंगलोर ड्रैगन्स ने बेंगलुरु ब्लास्टर्स को हराकर फाइनल में जगह बनाई?
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 27 अगस्त (राष्ट्र प्रेस)। मैंगलोर ड्रैगन्स ने बुधवार को महाराजा ट्रॉफी 2025 के क्वालीफायर-2 मुकाबले में बेंगलुरु ब्लास्टर्स को सात विकेट से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब 28 अगस्त को उनका मुकाबला हुबली टाइगर्स से होगा।
मैसूर में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बेंगलुरु ब्लास्टर्स की टीम 19.4 ओवरों में 152 रन पर सिमट गई।
टीम ने महज 14 रन पर एलआर चेतन (9) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद, कप्तान मयंक पांडे ने रोहन पाटिल के साथ दूसरे विकेट के लिए 31 रन जोड़ते हुए टीम को संभाला।
मयंक 9 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन रोहन पाटिल ने मोर्चा संभाल लिया।
एक ओर बेंगलुरु ब्लास्टर्स अपनी विकेट लगातार गंवाती रही, वहीं रोहन पाटिल क्रीज पर डटे रहे। रोहन ने 52 गेंदों में छह छक्कों और सात चौकों की मदद से 86 रन बनाकर नाबाद रहते हुए टीम को 152 तक पहुंचाया। सूरज आहूजा ने 16 और सिद्धार्थ अखिल ने 10 रन बनाए।
विपक्षी खेमे से कप्तान श्रेयस गोपाल ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए, जबकि अभिलाष शेट्टी और मैकनील नोरोन्हा ने दो-दो विकेट झटके। क्रांति कुमार को एक सफलता मिली।
इसके जवाब में, मैंगलोर ड्रैगन्स ने 19.1 ओवरों में जीत हासिल की। इस टीम को सिद्धार्थ बीआर और लोचन गौड़ा की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने 6.5 ओवरों में 63 रन जोड़े।
शरत बीआर 43 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसमें दो छक्के और छह चौके शामिल थे। 96 के स्कोर पर पल्लवकुमार दास (23) का विकेट गिरा।
इसके बाद लोचन गौड़ा ने मैकनील हैडली नोरोन्हा के साथ तीसरे विकेट के लिए 47 रन जोड़ते हुए टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। लोचन गौड़ा 51 गेंदों में 62 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि नोरोन्हा ने 24 रन की पारी खेली। विपक्षी टीम की ओर से शुभांग हेगड़े ने दो विकेट लिए, जबकि नवीन एमजी को एक सफलता मिली।