इंग्लैंड की शानदार जीत का श्रेय, बोले न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर
सारांश
Key Takeaways
- इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया।
- 18वें ओवर में विल जैक्स ने खेल का रुख पलटा।
- न्यूजीलैंड का लक्ष्य 160 रन था।
- सैंटनर ने इंग्लैंड की जीत का श्रेय दिया।
- रेहान अहमद की बल्लेबाजी की तारीफ की गई।
कोलंबो, 27 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड को इंग्लैंड के खिलाफ सुपर-8 राउंड में 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में न्यूजीलैंड द्वारा दिए गए 160 रनों के लक्ष्य को इंग्लिश टीम ने 19.3 ओवर में 6 विकेट खोकर पूरा कर लिया। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा कि इंग्लैंड ने इस मुकाबले में शानदार खेल दिखाया और जीत का श्रेय उन्हें मिलना चाहिए।
न्यूजीलैंड की टीम एक समय पर मैच में काफी मजबूत स्थिति में थी। हालांकि, पारी के 18वें ओवर में विल जैक्स ने ग्लेन फिलिप्स के ओवर में 22 रन बनाकर खेल का रुख पूरी तरह बदल दिया। हार के बाद सैंटनर ने कहा, "यह एक शानदार और कड़ा मुकाबला था। हां, इंग्लैंड ने जिस तरह से रनों का पीछा किया और अंत में विल जैक्स और रेहान अहमद ने बल्लेबाजी की, वह अद्भुत था।"
अगर न्यूजीलैंड इंग्लैंड को इस मुकाबले में हराने में सफल हो जाती, तो टीम को सीधे सेमीफाइनल में जगह मिल जाती। कप्तान सैंटनर ने भी माना कि इस मैच को जीतने के बाद न्यूजीलैंड के लिए चीजें आसान हो जातीं। सैंटनर ने कहा कि इंग्लैंड ने जिस प्रकार का खेल दिखाया, उसके लिए उन्हें जीत का श्रेय मिलना चाहिए।
सैंटनर ने कहा कि अंतिम ओवरों में टीम के बल्लेबाज रन बनाने में असफल रहे, जिसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि 170 से 175 रनों का लक्ष्य बेहतर हो सकता था। सैंटनर ने रेहान अहमद की शानदार बल्लेबाजी की तारीफ की और कहा कि रेहान स्पिन के अच्छे बल्लेबाज हैं, इसलिए उन्हें इस विकेट पर ज्यादा समस्या नहीं हुई।
इंग्लैंड ने एक समय पर अपने छह विकेट 117 रनों पर गंवा दिए थे और न्यूजीलैंड की टीम मैच में पूरी तरह से हावी नजर आ रही थी। हालांकि, विल जैक्स और रेहान अहमद ने महज 16 गेंदों में 44 रनों की अटूट साझेदारी निभाते हुए मैच को पलट दिया। जैक्स ने 18 गेंदों में 32 रन बनाकर अपनी पारी समाप्त की, जबकि रेहान ने 7 गेंदों में नाबाद 19 रन बनाये।
इससे पहले न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 159 रन बनाये। टीम की तरफ से ग्लेन फिलिप्स ने सबसे ज्यादा 39 रन बनाये, जबकि टिम सीफर्ट ने 35 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में इंग्लैंड के आदिल रशीद और विल जैक्स ने दो-दो विकेट लिए।