टी20 वर्ल्ड कप में जीत के बाद मिचेल सेंटनर ने बताया दबाव का सामना करने का अनुभव
सारांश
Key Takeaways
कोलंबो, २५ फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। न्यूजीलैंड ने बुधवार को आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप २०२६ के सुपर-८ मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ ६१ रन से शानदार जीत हासिल की। कीवी कप्तान मिचेल सेंटनर ने स्वीकार किया है कि पारी की शुरुआत में उनकी टीम पर काफी दबाव था।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने ७५ के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट खो दिया था। इसके बाद टीम ८४ के स्कोर तक ६ विकेट गंवा चुकी थी। यहां से कप्तान मिचेल सेंटनर (४७) ने कोल मैककोन्ची (नाबाद ३१) के साथ सातवें विकेट के लिए ८४ रन जोड़कर टीम को १६८/७ के स्कोर तक पहुंचाया। इसके जवाब में श्रीलंका ८ विकेट खोकर १०७ रन ही बना सका।
कोल मैककोन्ची के साथ अपनी साझेदारी पर मिचेल सेंटनर ने कहा, "गेंद के साथ श्रीलंका के खिलाफ यह एक अच्छा लेकिन चुनौतीपूर्ण समय था। उन्होंने हमें काफी दबाव में रखा। ८४ रन पर हमारे तीन विकेट गिर गए, जो कभी भी आदर्श स्थिति नहीं होती। लेकिन मैं और कोल मैककोन्ची यही सोच रहे थे कि जितना लंबा खेल को खींच सकें, उतना बेहतर होगा। हमारा लक्ष्य १४० तक पहुंचने का था, ताकि अंतिम दो-तीन ओवरों में स्थिति मजबूत हो सके। वहां से १६० तक पहुंचना बुरा नहीं था।"
कप्तान ने अपनी पारी के बारे में कहा, "पिछले मैच में १० गेंदों पर ५ रन बनाकर मैं संतुष्ट नहीं था। यह उन विकेटों में से एक था, जहां अगर आप टिककर खुद को थोड़ा समय दे दें, तो फिर रन बना सकते हैं। मैं और कोल दोनों यही सोच रहे थे। शुरुआत में बल्लेबाजी करना कठिन था, इसलिए १६० तक पहुंचना अच्छा लगा। गेंदबाजी के दौरान भी, पहली पारी देखकर हमें पता था कि क्या करना है।"
कोल मैककोन्ची की शानदार पारी पर कप्तान ने कहा, "टॉस के समय विकेट काफी अच्छा लग रहा था, लेकिन यह हमारी और उनकी, दोनों की अपेक्षा से ज्यादा स्पिन कर रहा था। बड़े साइड की तरफ स्पिनर के रूप में आप अपनी लेंथ को नियंत्रित कर सकते हैं और जब गेंद अंदर की तरफ घूमती है, तो बड़े साइड पर हिट भी मिल सकती है। कोल के लिए यह मैच शानदार था। शुरुआत में हम दोनों थोड़े नर्वस थे, लेकिन जैसे-जैसे हम टिके रहे, पारी को गहराई तक ले जाना अच्छा रहा।"
न्यूजीलैंड की टीम अपना अगला मैच २७ फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ खेलेगी, जिसे जीतने पर इस टीम को सेमीफाइनल का टिकट मिलेगा। आगामी मुकाबले को लेकर कप्तान सेंटनर ने कहा, "इंग्लैंड एक बेहतरीन टीम है, इसमें कोई संदेह नहीं। देखना होगा कि हमें किस तरह की पिच मिलती है। यदि यह कुछ ऐसी ही रही, तो फिर मुकाबला काफी कड़ा हो सकता है।"