रियान पराग ने की यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की अद्भुत तारीफ
सारांश
Key Takeaways
- यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की शानदार बल्लेबाजी
- राजस्थान रॉयल्स की लगातार तीसरी जीत
- रियान पराग की नेतृत्व क्षमता
- मुंबई इंडियंस की रणनीतिक कमी
- युवा खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका
गुवाहाटी, 8 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। आईपीएल 2026 का 13वां मुकाबला मंगलवार को बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम, गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और मुंबई इंडियंस (एमआई) के बीच आयोजित किया गया। बारिश के कारण 11-11 ओवर के इस मैच में एमआई को 27 रन से हार का सामना करना पड़ा। आरआर की जीत के नायक उनके सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी रहे। मैच के बाद आरआर के कप्तान रियान पराग ने दोनों बल्लेबाजों की सराहना की।
रियान पराग ने कहा, "वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल के बारे में बताने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। वह इस आईपीएल में बतौर ओपनर पहले स्थान पर हैं। उनके पास उम्र और प्रतिभा दोनों है। वैभव सच में अद्भुत है। अगर आपने उसे अहमदाबाद में देखा होता, तो उसने हालात को समझा और आगे बढ़ गया। जायसवाल ऐसा 3-4 साल से कर रहा है। मुझे लगता है कि दोनों अपनी स्किल्स और इतनी कम उम्र के बावजूद परिपक्वता के कारण बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं।"
पराग ने आगे कहा कि तीन मैचों में तीन जीत हासिल कर बहुत अच्छा लग रहा है। जिस तरह से लड़कों ने खेला, मैं उनसे और कुछ नहीं मांग सकता, बस शाबाशी दे सकता हूं। मुझे हमेशा से पता था कि यह टीम बहुत मजबूत है। नीलामी के समय भी हमने जान लिया था कि हम एक मजबूत टीम हैं क्योंकि हमारे पास एक मजबूत कोर ग्रुप है और वे युवा भी हैं। बाहर हर कोई हम पर भरोसा नहीं कर रहा था। उम्मीद है इसी तरह से प्रदर्शन करते हुए हम चीजों को बदल सकते हैं।
मैच की बात करें तो मुंबई ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का निर्णय लिया था।
आरआर ने सलामी बल्लेबाजों वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर 3 विकेट के नुकसान पर 150 रन बनाए। वैभव सूर्यवंशी 14 गेंदों पर 5 छक्कों और 1 चौके की मदद से 39 रन बनाकर आउट हुए। यशस्वी जायसवाल 32 गेंदों पर 4 छक्कों और 10 चौकों की मदद से 77 रन बनाकर नाबाद रहे।
151 के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमआई कभी जीत की ओर जाती नहीं दिखी। एमआई ने 11 ओवर में 9 विकेट पर 123 रन बनाए और 27 रन से मैच हार गई।
आरआर के लिए जोफ्रा आर्चर और तुषार देशपांडे ने 1-1, जबकि नांद्रे बर्गर, संदीप शर्मा और रवि बिश्नोई ने 2-2 विकेट लिए।
यशस्वी जायसवाल प्लेयर ऑफ द मैच रहे।