रासिख सलाम: टीम के लिए योगदान देना मेरा लक्ष्य है
सारांश
मुख्य बातें
बेंगलुरु, 14 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के प्रतिभाशाली तेज गेंदबाज रासिख सलाम डार टीम की जीत में योगदान देकर बेहद खुश हैं। रासिख का कहना है कि वह भविष्य में भी इसी प्रकार का प्रदर्शन जारी रखना चाहते हैं। बुधवार को एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में आरसीबी की भिड़ंत लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) से होने वाली है।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ हाल ही में हुए मैच में रासिख सलाम ने गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने उच्च स्कोरिंग मैच में 2.5 ओवर में केवल 23 रन देकर नमन धीर का विकेट लिया। आरसीबी ने मुंबई इंडियंस को 18 रनों से हराया और इस समय टीम प्वाइंट्स टेबल में 6 अंक के साथ तीसरे स्थान पर है।
एलएसजी के खिलाफ मुकाबले से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में रासिख ने कहा, "मुंबई इंडियंस के खिलाफ मिली जीत हमारे लिए महत्वपूर्ण थी और एक टीम के रूप में हम आत्मविश्वास से भरे हुए हैं। हमारी भूमिकाएं और हमें क्या करना है, इस बारे में हमारी सोच साफ है, और हम बुधवार को अपने घरेलू मैदान पर खेलने के लिए उत्साहित हैं।"
आईपीएल में लंबे समय बाद वापसी के बारे में रासिख ने कहा, "मैं काफी समय बाद आईपीएल का कोई मैच खेल रहा था, लेकिन मेरी तैयारी का तरीका वही रहा। पिछले एक साल में हमने जो मेहनत की है, वह सभी मैचों के लिए खुद को तैयार करने पर केंद्रित थी, और पिछले मैच में मैंने अपनी बनाई योजनाओं को मैदान पर सही तरीके से उतारने पर ध्यान दिया।"
रासिख एक अनुभवी गेंदबाजी आक्रमण का हिस्सा हैं, जिसमें भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और क्रुणाल पांड्या जैसे दिग्गज शामिल हैं। टीम में अपनी भूमिका और हेजलवुड की उपस्थिति के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, "मैं हमेशा टीम की मदद करना चाहता हूं। हेजलवुड एक बहुत बड़े खिलाड़ी हैं और टीम का अभिन्न हिस्सा हैं। मैं जहाँ भी संभव हो, टीम के लिए अपना योगदान देने की कोशिश करता हूं।"
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस समय प्वाइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर है और एलएसजी के खिलाफ जीत दर्ज करने के उद्देश्य से मैदान पर उतरेगी। वहीं, एलएसजी दो जीत और दो हार के साथ प्वाइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर है। आरसीबी और एलएसजी के बीच अब तक 6 मुकाबले हुए हैं, जिनमें से आरसीबी ने 4 मैच जीते हैं, जबकि एलएसजी ने 2 मैच जीते हैं। पिछले सीजन आईपीएल 2025 में दोनों टीमों के बीच हुए मैच में आरसीबी ने 6 विकेट से जीत हासिल की थी।