आरसीबी ने अंतिम 5 ओवरों में बनाए 97 रन, आईपीएल में नया रिकॉर्ड स्थापित किया
सारांश
मुख्य बातें
बेंगलुरु, 5 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस) – रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आईपीएल 2026 के 11वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ अंतिम 5 ओवरों में 97 रन बनाए। यह आईपीएल मैच के अंतिम 5 ओवरों में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है।
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी को फिल सॉल्ट और विराट कोहली की जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 4.3 ओवर में 37 रन बनाए। कोहली 18 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 28 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद, सॉल्ट ने देवदत्त पड्डिकल के साथ दूसरे विकेट के लिए 37 गेंदों में 56 रन की साझेदारी की। सॉल्ट 30 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 46 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद पड्डिकल ने रजत पाटीदार के साथ तीसरे विकेट के लिए 21 गेंदों में 58 रन जोड़े। पड्डिकल ने 29 गेंदों में 2 छक्कों और 5 चौकों के साथ 50 रन बनाकर आउट हुए।
आरसीबी ने 15 ओवरों में 3 विकेट खोकर 153 रन बनाए। इसके बाद पाटीदार (नाबाद 48) ने टिम डेविड (नाबाद 70) के साथ अंतिम 5 ओवरों में बिना कोई विकेट गंवाए 97 रन जुटाए।
97 रन किसी भी आईपीएल पारी के 16-20 ओवरों में किसी टीम द्वारा बनाए गए संयुक्त रूप से दूसरे सबसे बड़े स्कोर हैं। इससे पहले, साल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ इतने ही रन बनाए थे। इस मामले में आरसीबी का शीर्ष स्थान है, जिसने साल 2016 में इसी मैदान पर गुजरात लायंस के खिलाफ 16-20 ओवरों के बीच 2 विकेट खोकर 112 रन बनाए थे।
यह आईपीएल इतिहास में आरसीबी का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है। आईपीएल में आरसीबी का सबसे बड़ा स्कोर साल 2013 में बेंगलुरु में पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ 5 विकेट खोकर 263 रन था। साल 2024 में इस टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद के विरुद्ध 262/7 का स्कोर खड़ा किया था। साल 2016 में आरसीबी ने गुजरात लायन्स के खिलाफ 248/3 और साल 2024 में पंजाब किंग्स के खिलाफ 241/7 का स्कोर बनाया था।