ऋषभ पंत की वापसी पर जस्टिन लैंगर का विश्वास: चैम्पियन खिलाड़ी नहीं रहते मुश्किल में लंबे समय तक
सारांश
Key Takeaways
- ऋषभ पंत की वापसी का जस्टिन लैंगर ने किया समर्थन
- आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च को
- पंत की मुश्किलों से उबरने की उम्मीद
- युवराज सिंह के मार्गदर्शन में हो रही ट्रेनिंग
- पंत का पिछले सीजन में प्रदर्शन रहा था निराशाजनक
नई दिल्ली, 14 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के मुख्य कोच जस्टिन लैंगर का मानना है कि कप्तान ऋषभ पंत इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन में शानदार वापसी करेंगे। आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च को होने वाला है। लखनऊ की टीम अपने अभियान की शुरुआत एक अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ करेगी। लैंगर ने कहा कि पंत जैसे चैम्पियन खिलाड़ी अधिक समय तक कठिनाई से नहीं गुजरते हैं।
ऋषभ पंत से आगामी सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स को उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद है। खराब फॉर्म से जूझते हुए पंत इन दिनों कड़ी ट्रेनिंग कर रहे हैं। हाल ही में, उन्हें मुंबई में एक छोटे से कैंप में भारत के पूर्व खिलाड़ी युवराज सिंह की देखरेख में प्रैक्टिस करते देखा गया। लैंगर ने कहा कि पंत सीजन की शुरुआत से पहले अच्छी लय में नजर आ रहे हैं।
जस्टिन लैंगर ने 'ईएसपीएन क्रिकइंफो' से कहा, "वह शानदार प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। वह अभी ट्रेनिंग कर रहे हैं। हमारा एक कैंप चल रहा है, इसलिए मैं उससे कुछ दिनों में मिलूंगा। वह पूरी तरह से जोश में हैं और जैसे मैंने कहा, सभी चैंपियनों की तरह वह ज्यादा देर तक मुश्किल में नहीं रहते। पिछले साल आईपीएल के अंतिम मुकाबलों में पंत ने दिखाया था कि वह कितना बेहतरीन प्रदर्शन कर सकते हैं। यही वजह है कि इस सीजन भी हमें उनसे दमदार प्रदर्शन की उम्मीद है।"
उल्लेखनीय है कि ऋषभ पंत को आईपीएल 2025 के लिए हुए ऑक्शन में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 27 करोड़ की रिकॉर्ड बोली लगाते हुए खरीदा था। वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। इस साल जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से ठीक पहले बल्लेबाजी करते हुए पंत की पसली में खिंचाव आया था। इसके बाद से विकेटकीपर-बल्लेबाज ने कोई मैच नहीं खेला है।
आईपीएल 2025 में ऋषभ पंत का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। पंत ने 14 मुकाबलों में 133 के मामूली स्ट्राइक रेट से 269 रन बनाए थे। साल 2016 में इस टूर्नामेंट में डेब्यू करने के बाद से यह उनका सबसे खराब प्रदर्शन था। हालांकि, पंत ने पिछले सीजन के अंतिम मुकाबले में आरसीबी के खिलाफ 118 रनों की नाबाद पारी खेली थी। लेकिन, पंत की कप्तानी में लखनऊ का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा और टीम ने सातवें स्थान पर रहते हुए टूर्नामेंट का अंत किया था।