समोआ ने दूसरी बार अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप के लिए क्वालिफाई किया
सारांश
Key Takeaways
- समोआ ने लगातार दूसरी बार अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप के लिए क्वालिफाई किया।
- ओलिव लेफागा लेमो की अगुवाई में टीम ने अजेय प्रदर्शन किया।
- अवेटिया मापू ने 67 रनों की शानदार पारी खेली।
- टीम ने फिजी को हराकर विश्व कप का टिकट प्राप्त किया।
- समोआ महिला क्रिकेट में तेजी से प्रगति कर रहा है।
पोर्ट मोरेस्बी, 13 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। समोआ ने लगातार दूसरी बार आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप के लिए क्वालिफाई किया है। सोमवार को ईस्ट एशिया-पैसिफिक क्वालिफायर 2026 जीतकर समोआ की टीम ने विश्व कप में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है।
समोआ की टीम का प्रदर्शन टूर्नामेंट में अत्यंत शानदार रहा। ओलिव लेफागा लेमो की कप्तानी में टीम ने सभी मुकाबलों में अजेय रहकर ट्रॉफी अपने नाम की। समोआ ने फिजी, इंडोनेशिया, वानुअतु और मेजबान टीम को हराकर यह सफलता प्राप्त की। समोआ ने अपने अंतिम मैच में फिजी को हराकर विश्व कप का टिकट प्राप्त किया। गेंदबाजों ने फिजी के खिलाफ 131 रनों का सफलतापूर्वक बचाव किया। वाओला गेब्रियल ने 4 ओवर में केवल 19 रन देकर 4 विकेट लिए। हरदिया पड्डा ने 3 ओवर में महज 9 रन खर्च कर 2 विकेट निकाले। फिजी की बल्लेबाजी समोआ के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के सामने टिक नहीं पाई और पूरी टीम 72 रन पर सिमट गई।
2024 में अंडर-19 विश्व कप में समोआ की कप्तानी करने वाली अवेटिया मापू ने बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने 62 गेंदों में 67 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल थे। हालाँकि, अन्य बल्लेबाज़ों का प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा, केवल नॉरा सलिमा ने 12 रन बनाये।
समोआ ने टूर्नामेंट की शुरुआत वानुअतु को 58 रनों से हराकर की थी। इसके बाद टीम ने इंडोनेशिया के खिलाफ 53 रनों से जीत हासिल की। हालांकि, पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ समोआ का बल्लेबाजी क्रम बुरी तरह से विफल रहा और टीम 58 रन पर ऑलआउट हो गई। फिर भी, पड्डा और गेब्रियल ने गेंदबाजी में कमाल दिखाते हुए पापुआ न्यू गिनी को 48 रनों पर सीमित कर दिया।
लेफागा लेमो के नेतृत्व में टीम अगले साल होने वाले महिला अंडर-19 टी20 विश्व कप में पहली बार जीतने के इरादे से उतरेगी। 2024 में उनका यह सपना अधूरा रह गया था। प्रशांत महासागर की यह टीम क्षेत्रीय क्वालिफिकेशन के माध्यम से विश्व कप के लिए टिकट बुक करने वाली पहली टीम बन गई है। अगली जगह इस महीने के अंत में एशिया रीजन टूर्नामेंट से तय होगी।
2024 में समोआ ने अंडर-19 विमेंस ईस्ट एशिया-पैसिफिक क्वालिफायर में अपने प्रदर्शन से सभी को आश्चर्यचकित कर दिया और विमेंस अंडर-19 टी20 विश्व कप 2025 के लिए टिकट बुक करने में चार टीमों की प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त किया। यह पहली बार है जब समोआ ने पुरुषों और महिलाओं के क्रिकेट में किसी भी फॉर्मेट के लिए विश्व कप में क्वालिफाई किया है।