क्या तिलक वर्मा फिट नहीं हैं, श्रेयस अय्यर न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी दो टी20 मैचों के लिए रहेंगे टीम के साथ?
सारांश
Key Takeaways
- तिलक वर्मा की चोट के कारण श्रेयस अय्यर को टीम में रखा गया है।
- वह बेंगलुरु में रिहैब कर रहे हैं।
- टी20 विश्व कप के लिए उनकी वापसी की संभावना है।
- श्रेयस अय्यर को अब तक खेलने का मौका नहीं मिला है।
- भारतीय टीम में कई प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं।
मुंबई, 26 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। तिलक वर्मा की अनुपस्थिति में न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही टी20 सीरीज के अंतिम दो मैचों के लिए श्रेयस अय्यर भारतीय टीम के साथ बने रहेंगे।
श्रेयस अय्यर को पहले तीन मैचों के लिए तिलक की जगह टीम में शामिल किया गया था। हालांकि, यह उम्मीद की जा रही थी कि तिलक चौथे टी20 तक ठीक होकर वापसी करेंगे, लेकिन अब वह बाकी दो टी20 मैचों से भी बाहर रहेंगे। इसलिए, उनकी जगह आए श्रेयस अय्यर को टीम में बनाए रखने का निर्णय लिया गया है।
23 वर्षीय तिलक वर्मा को इस महीने की शुरुआत में विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान राजकोट में सर्जरी करानी पड़ी थी। वह अब बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हैं, जहां उन्होंने रिहैबिलिटेशन शुरू कर दिया है। वह 7 फरवरी से शुरू होने वाले टी20 विश्व कप के लिए पूरी तरह फिट होकर टीम में शामिल होंगे।
बीसीसीआई ने एक बयान में कहा है, "तिलक ने शारीरिक प्रशिक्षण शुरू कर दिया है और वह लगातार सुधार कर रहे हैं। उन्हें पूरी मैच फिटनेस हासिल करने के लिए और समय चाहिए होगा, इसलिए वह चल रही पांच मैचों की टी20 सीरीज के अंतिम दो मैचों के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।"
बीसीसीआई ने बताया, "तिलक 3 फरवरी को आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के लिए इंडिया के वार्म-अप मैच से पहले मुंबई में टीम से जुड़ेंगे। पुरुष चयन समिति ने सिफारिश की है कि श्रेयस अय्यर बाकी मैचों के लिए तिलक वर्मा की जगह पर बने रहेंगे।"
श्रेयस अय्यर को तिलक वर्मा की जगह टीम में शामिल किया गया है, लेकिन वह अब तक किसी भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला है। वह दिसंबर 2023 के बाद से भारत के लिए कोई टी20 मैच नहीं खेले हैं।
आखिरी दो टी20 मैचों के लिए भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जस्प्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, ईशान किशन (विकेटकीपर), रवि बिश्नोई।