विधानसभा चुनाव: असम, केरल और पुडुचेरी में मतदान का उत्साह, 11 बजे तक मतदान प्रतिशत
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 9 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। तीन राज्यों केरल, असम और पुडुचेरी में हो रहे विधानसभा चुनावों में मतदान को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। शुरुआती 4 घंटों में तीनों राज्यों में 30 प्रतिशत से अधिक मतदान की रिपोर्ट आई है।
भारतीय निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के अनुसार, सुबह 11 बजे तक असम में मतदान का प्रतिशत 38.92 प्रतिशत, केरल में 33.28 प्रतिशत और पुडुचेरी में 37.06 प्रतिशत रहा है।
असम के माजुली जिले में 44.30 प्रतिशत मतदान हुआ है, जबकि गोलपाड़ा में 43.19 प्रतिशत, मोरीगांव में 42.80 प्रतिशत, साउथ सलमारा मनकाचर में 42.61 प्रतिशत, दरांग में 41.96 प्रतिशत और जोरहाट में 19.01 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। सुबह 11 बजे तक असम के कामरूप जिले में सबसे कम 31.87 प्रतिशत वोट पड़े हैं।
वहीं, केरल में एर्नाकुलम जिले में सर्वाधिक 35.86 प्रतिशत और कासरगोड में सबसे कम 31.20 प्रतिशत मतदान हुआ है।
तीनों राज्यों में मतदान केंद्रों पर मतदाता बड़ी संख्या में मतदान के लिए उपस्थित हो रहे हैं। सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। प्रमुख हस्तियों ने भी अपने मत का प्रयोग किया।
डिब्रूगढ़ में केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और केंद्रीय राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने जोरहाट विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 21 पर वोट डाला। मंत्री पीयूष हजारिका और उनकी पत्नी एमी बरुआ ने भी मतदान किया। बारपेटा में असम विधानसभा के अध्यक्ष बिस्वजीत दैमारी ने वोट डाला।
पबित्रा मार्गेरिटा ने कहा, "मैं अपना वोट डालने आया हूं। यह लोकतंत्र का उत्सव है। मैं सभी से अपील करता हूं कि वे अपने वोट डालने के लिए बाहर आएं।"
तिरुवनंतपुरम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एके एंटनी ने अपने वोट का प्रयोग किया। कांग्रेस नेता एमएम हसन ने कहा, "हमारे गठबंधन को भारी बहुमत मिलने की संभावना है।"
एलडीएफ कन्नूर विधानसभा उम्मीदवार कदन्नप्पल्ली रामचंद्रन ने चेरुवाचेरी सरकारी एलपी स्कूल में मतदान किया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने भी मतदान किया।
पुडुचेरी के उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन ने भी वोट डाला। मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी अपने मतदान केंद्र पर बाइक से पहुंचे। पुडुचेरी भाजपा के अध्यक्ष वीपी रामलिंगम ने भी मतदान किया।
पूर्व मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी ने कहा, "यह हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह वोट डालें।"