छत्तीसगढ़: पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना ने बदली गरीब परिवारों की तकदीर
सारांश
मुख्य बातें
मोहला-मानपुर, 26 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर अंबागढ़ चौकी जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (पीएमजीकेएवाई) ने गरीब परिवारों के लिए एक बड़ा सहारा बनकर उभरी है।
केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा लागू इस योजना में पात्र राशन कार्ड धारकों को हर महीने नि:शुल्क चावल, चना, शक्कर और नमक प्रदान किया जा रहा है। इससे ज़रूरतमंद परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार आ रहा है और लाभार्थी अपने प्रति सरकार का आभार व्यक्त कर रहे हैं।
लाभार्थी कमला बाई ने राष्ट्र प्रेस से बातचीत में कहा कि सरकार से मिलने वाला नि:शुल्क राशन उनके परिवार के लिए बहुत सहायता प्रदान करता है। उन्होंने कहा, "हमें हर महीने चावल, शक्कर और चना मिलता है, जिससे पूरे महीने का गुजारा आसानी से हो जाता है।"
नवागांव निवासी लाभार्थी कामेरथ ने भी इस योजना की प्रशंसा की और कहा कि सरकार द्वारा दिया गया राशन उनके परिवार के लिए एक बड़ा सहारा है। उन्होंने बताया, "हमें नि:शुल्क चना, चावल और शक्कर मिलता है, जिससे हम अपने परिवार का पालन-पोषण कर पाते हैं।"
तोलुम पंचायत के समारू राम कोमरे ने भी इस योजना को बेहद लाभकारी माना। उन्होंने कहा कि सरकार की इस पहल से उनके परिवार को पूरे महीने के राशन की व्यवस्था हो जाती है। सरकार को धन्यवाद देते हुए समारू राम ने कहा कि यह योजना ग्रामीण और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में स्थिरता ला रही है।
एक अन्य लाभार्थी ने बताया कि उनके परिवार में दो सदस्य हैं और हर महीने उन्हें सरकार की योजना के तहत राशन प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि चावल, शक्कर, चना और नमक मिलने से पूरे महीने का खर्च संभालना आसान हो जाता है और उन्हें खाद्यान्न की चिंता नहीं रहती।
जिला खाद्य अधिकारी दिलीप कुमार ने जानकारी दी कि जिले में कुल 77,757 राशन कार्डधारी परिवार हैं, जिनमें 2,96,785 सदस्य शामिल हैं। ये सभी परिवार मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।