दिल्ली में चाकूबाजी की दो भयानक घटनाएं: बुजुर्ग की हत्या और महिला की मौत, पति घायल
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 19 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। दिल्ली में रविवार को हुई दो चाकूबाजी की घटनाओं ने सभी को चौंका दिया। पहली घटना में एक बुजुर्ग की हत्या कर दी गई, जबकि दूसरी में एक महिला की जान चली गई और उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना मन्दिर मार्ग थाना क्षेत्र में हुई, जहां शाम लगभग 5:36 बजे पुलिस को अंध विद्यालय के पास चाकूबाजी की सूचना मिली। जानकारी के अनुसार, एक बुजुर्ग व्यक्ति को उसके घर में चाकू मारा गया था।
पुलिस ने जब मौके पर पहुंची तो 63 वर्षीय मदन राम घायल अवस्था में पहली मंजिल के कमरे में पाए गए। उन्हें तुरंत लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक आरबीआई से सेवानिवृत्त एमटीएस कर्मचारी थे और उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा हैं।
क्राइम टीम ने घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
दूसरी घटना उत्तर-पश्चिम दिल्ली के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में हुई, जहां अज्ञात हमलावरों ने एक महिला और उसके पति पर चाकू से हमला किया।
इस हमले में महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उसके पति को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, हमलावरों की संख्या 2 से 3 बताई जा रही है, लेकिन हमले के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया जा रहा है।
इन दोनों घटनाओं ने क्षेत्र में भारी सनसनी फैला दी है और पुलिस लगातार अपनी जांच में जुटी हुई है।