दिल्ली में 6 वर्षीय बच्चे की <b>नृशंस हत्या</b>, <b>आरोपी गिरफ्तार</b>
सारांश
Key Takeaways
- दिल्ली में 6 साल के बच्चे की निर्मम हत्या
- पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
- परिवार ने मां पर लगाया हत्या का आरोप
- बच्चे का शव निर्माणाधीन मकान में मिला
- मां की तलाश जारी
नई दिल्ली, 6 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। बाहरी दिल्ली के रणहौला क्षेत्र में एक 6 वर्षीय बच्चे की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है। बच्चे का खून से सना शव एक निर्माणाधीन भवन में गुरुवार को मिला। परिजनों की शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, बच्चे की पहचान रणहौला मंगल बाजार निवासी लवकुश के रूप में हुई है। लवकुश अपनी मां सरिता देवी, पिता पच्चू महतो और दो बहनों व भाई के साथ रहता था। उसके पिता बेलदारी का काम करते हैं।
रणहौला पुलिस ने बताया कि गुरुवार को करीब 12 बजे मंगल बाजार स्थित निर्माणाधीन इमारत में लवकुश का खून से लथपथ शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। साथ ही, क्राइम और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए गए। मौके से रॉड और चाकू बरामद हुए थे। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
परिवार ने आरोप लगाया है कि बच्चे की मां के किसी व्यक्ति से अवैध संबंध थे, जिसके कारण घर में झगड़े होते थे। परिवार ने इस हत्या में मां का हाथ होने का आरोप लगाया है। पुलिस को संदेह है कि बच्चे की हत्या कहीं और की गई और शव को यहां फेंका गया।
परिजनों का कहना है कि बच्चे का शव मिलने के बाद से उसकी मां सरिता देवी लापता है। जांच में पता चला है कि मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे लवकुश अपनी मां के साथ गया था, इसके बाद दोनों वापस नहीं आए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मां की तलाश में दिल्ली के साथ-साथ बिहार में भी पुलिस की टीमें भेजी गई हैं।